April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

माउंट आबू में बड़ा हादसा, 50 पर्यटकों से भरी बस सेफ्टी वॉल से टकरा कर पलटी, 18 पर्यटक घायल

माउंट आबू में बड़ा हादसा, 50 पर्यटकों से भरी बस सेफ्टी वॉल से टकरा कर पलटी, 18 पर्यटक घायल

एनसीआई@सिरोही

माउंटआबू–आबूरोड मार्ग पर वीर बाबा मंदिर के पास ट्रेवल्स बस सेफ्टी वॉल से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में अहमदाबाद के 18 पर्यटक घायल हो गए। इनमें से 6 की हालत गम्भीर है। सभी घायलों को आबूरोड ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।इस दुर्घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।

माउंटआबू भ्रमण के बाद लौट रहा था दल

आबूरोड सदर पुलिस के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद स्थित सानंद क्षेत्र की मेरिको कम्पनी के 50 कर्मचारी शनिवार को माउंटआबू घूमने आए थे। रविवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे ये ट्रेवल्स बस से वापस अहमदाबाद के लिए रवाना हुए थे। बस जैसे ही वीर बाबा मंदिर के पास पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सेफ्टी वॉल से टकराकर पलट गई।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत रुककर राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। साथ ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी गई। कुछ ही देर में 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को ट्रॉमा सेंटर आबूरोड ले जाया गया।

घायलों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज

हादसे में घायल सभी यात्रियों को आबूरोड स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में सोनाली शा पांडे, हेतल चावड़ा, पवन पाटील, मुकेश प्रजापत, अर्जुन नाथ, नितेश खरोड़, विवेक, कृतिका मोदी, हितेश नेगी, नरेंद्र सिंह, आयुष माली, मनीषा पटेल, आरती पटेल, पंकज भाटिया, जानकी असारी, महर्षि दरजी और हिमांशु पटेल शामिल हैं।

यातायात बहाल, जांच में जुटी पुलिस

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने पलटी हुई बस को एक ओर हटवाया, जिससे मार्ग पर यातायात पुनः सुचारू किया जा सका। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है कि बस अनियंत्रित कैसे हुई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर माउंटआबू उपखंड अधिकारी डॉ. अंशुप्रिया ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। उन्होंने घायलों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और अस्पताल प्रबंधन से उपचार की जानकारी ली। इस दौरान एक घायल को नीचे लिटाए जाने पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी फटकार भी लगाई और बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.