April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: सीवरेज चेम्बर में निकले 500-500 रुपए के नोट, फैली सनसनी, बदबूदार पानी में लोगों ने हाथ डालकर निकाले, दो युवकों के कट्टा भर नोट ले जाने का भी दावा

राजस्थान: सीवरेज चेम्बर में निकले 500-500 रुपए के नोट, फैली सनसनी, बदबूदार पानी में लोगों ने हाथ डालकर निकाले, दो युवकों के कट्टा भर नोट ले जाने का भी दावा

बीकानेर शहर के अंत्योदय नगर में सार्वजनिक पार्क में बने टॉयलेट के पास सीवरेज चेम्बर में अचानक 500-500 रुपए के नोट दिखाई दिए। यह देख सीवरेज की सफाई कर रहे मजदूर भौचक्के रह गए। यह जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एनसीआई@बीकानेर

शहर के मुक्ता प्रसाद थाना इलाके में आज शनिवार को एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां अंत्योदय नगर स्थित एक सार्वजनिक पार्क में बने टॉयलेट के पास के सीवरेज चेम्बर में काफी संख्या में 500-500 रुपए के नोट निकलने लगे। जैसे ही यह बात फैली नोट लूटने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेहरू पार्क और ईएसआई अस्पताल के बीच स्थित एक टॉयलेट के पास सीवरेज का चेम्बर खुला हुआ था। यहां सबसे पहले बाइक पर कुछ युवक आए और बोरे (कट्टे) में नोट भर कर फरार हो गए। यह देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो गंदे पानी में 500-500 रुपए के नोट तैरते दिखे। इन्हें लोग गंदे पानी में हाथ डालकर निकालने लगे। इसके बाद पास ही स्थित दूसरे चेम्बर को भी कुछ लोगों ने खोला तो इसमें नोटों का ढेर नजर आया। यहां भी लोग सीवरेज के बदबूदार पानी में हाथ डाल-डालकर नोट निकालने लगे। इन्होंने बाद में इन नोटों को साफ पानी से धोकर सुखाया।

पुलिस ने मौके पर पहुंच लिया यह एक्शन

इस घटना की सूचना मिलने पर मुक्ता प्रसाद थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सीवरेज के खुले ढक्कन को बंद करवाया। साथ ही उच्चाधिकारियों को सूचना दी। नोट कहां से आए और कौन डाल कर गया, पुलिस ने इस बात की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि नोट असली हैं या नकली। पुलिस का कहना है कि नोटों को लेकर एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बोरे में नोट भरकर दो लोग बाइक पर जा रहे हैं। नोट वो खुद लेकर आए थे या सीवरेज से निकालकर भागे, इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो लोग नोट लेकर भागे हैं, उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी केमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सब इंस्पेक्टर रतनाराम ने कहा कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। 500–500 के नोट मिले, जो सड़क पर भी बिखरे हुए थे। इस पर अधिकारियों को सूचना दी और आगे की जांच करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.