बंगाल में सनसनीखेज वारदात: शुभेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या, गाड़ी रुकवाकर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
बंगाल में बुधवार शाम शुभेंदु अधिकारी के करीबी पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार पर ताड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें वह गम्भीर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस वारदात को राजनीतिक एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
एनसीआई@कोलकाता
पश्चिम बंगाल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार रात साढ़े ग्यारह बजे करीब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी, उनके पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंद्रनाथ 10-12 साल से शुभेंदु के साथ थे। जानकारी के मुताबिक यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में हुई, जहां चंद्रनाथ को निशाना बनाते हुए चार राउंड फायरिंग की गई। इस फायरिंग में चंद्रनाथ और उनके ड्राइवर गम्भीर घायल हो गए। इस पर उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चंद्रनाथ की इलाज के दौरान मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि बंगाल में 4 मई को आए चुनाव परिणाम में भाजपा ने 200 से अधिक सीटें हासिल की हैं। शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ की गाड़ी को बीच सड़क पर ओवरटेक कर रुकवाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक उनके सीने और सिर पर गोलियां लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही शुभेंदु अधिकारी भी पूर्वी मिदनापुर से कोलकाता पहुंचे। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी ने भी खुद चंद्रनाथ की मौत की पुष्टि की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी चुनावी जीत के बाद लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को 15 साल बाद सत्ता से हटा दिया। बीजेपी ने इस घटना को लेकर टीएमसी पर गम्भीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है।
