राजस्थान: 17 शहरों में 40 डिग्री के ऊपर रहा तापमान, 24 घंटे में रफ्तार पकड़ेगा मानसून, देखें यह शहर रहे सबसे गर्म
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून अपनी दस्तक दे चुका है। 20 दिन से ज्यादा गुजर जाने के बावजूद भी मानसून यहां अभी तक स्थिर बना हुआ है। वहीं अब मौसम विभाग का अंदाज है कि पूरे प्रदेश में मानसून का इंतजार खत्म होने के करीब है। आगामी 24 से 36 घंटे के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में यह गति पकड़ेगा।
इससे कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने की सम्भावना है। बाकी जिलों में अभी भी हल्की बारिश ही होगी। दूसरी ओर, बारिश नहीं होने से गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। इसी के साथ पड़ रही उमस से भी जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले चौबीस घंटों में प्रदेश के करीब 17 शहरों में पारा 40 डिग्री और इससे भी ऊपर रहा। शनिवार को बीकानेर, चूरू और श्रीगंगानगर सबसे गर्म शहर रहे। इनमें तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा। मौसम विभाग का आकलन है कि अगले कुछ दिनों में बारिश की वजह से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आएगी।
जयपुर में छाए रहेंगे बादल, आज कहीं-कहीं हो सकती है हल्की बारिश
राजधानी जयपुर में तापमान 38 डिग्री के आसपास रहा। शनिवार को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। इससे गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिली। मौसम विभाग के आकलन के अनुसार, जयपुर को अभी अच्छी बारिश के लिए इंतजार करना होगा। यहां आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आगामी दो से तीन घंटों में सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, बाड़मेर, जालोर, जोधपुर, पाली, सिरोही, जयपुर व दौसा में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की सम्भावना जताई है।
ऐसा रहा तापमान
-अजमेर 40.0 डिग्री
-भीलवाड़ा 40.0 डिग्री
-वनस्थली टोंक 39.6 डिग्री
-अलवर 40.0 डिग्री
-जयपुर 38.4 डिग्री
-पिलानी 42.0 डिग्री
-सीकर 40.5 डिग्री
-कोटा 39.6 डिग्री
-सवाईमाधोपुर 38.5 डिग्री
-बूंदी 42.0 डिग्री
-चित्तौड़गढ़ 39.6 डिग्री
-डबोक 37.4 डिग्री
-बाड़मेर 41.6 डिग्री
-एरनपुरा पाली 36.0 डिग्री
-जैसलमेर 40.5 डिग्री
-जोधपुर 40.8 डिग्री
-माउंट आबू 29.0 डिग्री
-फलोदी 42.6 डिग्री
-बीकानेर 43.5 डिग्री
-चूरू 43.3 डिग्री
-गंगानगर 43.3 डिग्री
-धौलपुर 40.2 डिग्री
-करौली 41.9 डिग्री
-नागौर 41.8 डिग्री
-पाली 43.0 डिग्री
-टोंक 39.9 डिग्री
-बूंदी 39.9 डिग्री
