पत्नी के जरिए हनीट्रेप: आशिक मिजाज लोगों को ढूंढता, फिर पत्नी से दोस्ती करा अश्लील वीडियो बनाता
एनसीआई@पाली
पाली पुलिस ने हनीट्रेप के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह लोगों को फोन कर दोस्ती के नाम पर फंसाता और बाद में उनके अश्लील वीडियो बना कर ब्लेकमेल करता। आरोपी पीड़ितों से गहने, रुपए जो भी मिलता सब छीन लेते थे।

एक पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने इस शातिर गिरोह के एक युवक व दो युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। इस गिरोह के जाल में फंसने वालों में सरकारी कर्मचारी, डॉक्टर व वकील तक शामिल हैं, मगर बदमानी के डर से अधिकतर पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत नहीं की। आरोपी अपनी जिस पत्नी का उपयोग इस गंदे खेल के लिए करता था, उससे उसने चार महीने पहले ही लव मैरिज की थी।
एसपी कालूराम रावत ने यह जानकारी दी। इसके अनुसार शहर के एक पीड़ित से गिरोह की महिला ने सोशल मीडिया पर दोस्ती की। फिर मिलने के लिए घर बुलाया। गिरोह से जुड़े युवक ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद बदनाम करने और दुष्कर्म के मामले में फंसाने का डर दिखाकर रुपयों की मांग करते रहे। पुलिस ने गिरोह में शामिल नारलाई हाल केशव नगर निवासी 24 वर्षीय रमेश पुत्र मगाराम चौधरी, रमेश की पत्नी भावना उर्फ भारती (24) और दिव्या (27) को गिरफ्तार किया है।
ऐसे पकड़ में आया गिरोह
29 जुलाई को गिरोह के सरगना रमेश की पत्नी भावना हीरागर महिला सुरक्षा सहायता संगठन से जुड़े एडवोकेट चेतन चौहान के पास पहुंची। उसने बताया कि रमेश चौधरी ने उससे चार महीने पहले 2 अप्रेल 2021 को चार महीने पहले ही लव मैरिज की है। उससे अब वह परेशान हो गई है। महिला सुरक्षा सहायता संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप पंवार, प्रवक्ता नेहा श्रीमाली अन्य सदस्य उसे एसपी ऑफिस ले गए। एसपी नहीं मिले तो उसे नया बस स्टेंड चौकी ले गए। जहां चौकी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी को सारी बात बताई। इधर महिला के मोबाइल पर लगातार उसके पति रमेश चौधरी का कॉल आ रहा था। उसे नया बस स्टेंड के पास बुलाया। जैसे ही वह पहुंचा, पुलिस व संगठन के पदाधिकारियों ने उसे दबोच लिया।
कोतवाली पुलिस ने रमेश का मोबाइल खंगाला तो पूरा मामला खुला। आरोपी के मोबाइल में शहर के कुछ लोगों से मारपीट करने सहित उनके अश्लील वीडियो मिले। कड़ाई से पूछताछ की तो रमेश ने बताया कि वह आशिक मिजाज व मालदार लोगों की तलाश करता था। उन्हें फंसाने के लिए पत्नी से सोशल मीडिया पर दोस्ती करवाता। इसके बाद मिलने के बहाने उन्हें घर बुला लेते थे। इस दौरान गिरोह के दूसरे साथी उससे मारपीट कर अश्लील वीडियो बना लेते। बाद में उन्हें दुष्कर्म के मामले में फंसाने और सोशल मीडिया पर उनका अश्लील विडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की डिमांड करते।
लॉक डाउन में मुम्बई से आया गांव
आरोपी रमेश चौधरी पहले मुम्बई में काम करता था। इस साल लगे लॉक डाउन के कारण वह गांव आ गया था। यहां उसने भावना से लव मैरिज की। इसके बाद पाली में किराए के मकान में रहने लगा। बेरोजगार होने के कारण उसे घर खर्च चलाने में परेशानी हो रही थी। इस दौरान वे दिव्या पत्नी भंवरलाल दमामी के सम्पर्क में आए। उसके साथ लोगों को हनीट्रेप में फंसाकर ब्लेकमेल करना शुरू कर दिया। गिरोह से एक-दो युवतियां और जुड़ी हुई हैं। वह भी पुरुषों को हनीट्रेप में फंसाने का काम करती हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह की महिलाएं अनजान नम्बर पर कॉल करतीं। अपनी बातों में सामने वाले को फंसाती। फिर मिलने के बहाने से घर बुलाकर हनीट्रेप का शिकार बनाती थीं।
पीड़ित ने रिपोर्ट में बताई यह कहानी
पीड़ित ने 29 जुलाई को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी। इसमें उसने बताया कि उसके मोबाइल पर दो मई को किसी अनजान लकड़ी का कॉल आया। उसने भूखंड दिखाने की बात कहकर बुलाया। पीड़ित अपने दोस्त के साथ कार से नया बस स्टेंड पहुंचा। वहां उन्हें दो लड़कियां मिलीं। वे उन्हें अम्बेडकर नगर ले गईं। दो अलग-अलग कमरों में दोनों को बैठाया। इस दौरान अचानक कुछ लड़के आए और उनसे मारपीट करने लगे। जबरदस्ती उनका अश्लील विडियो बनाया। इसके बाद दुष्कर्म के मामले में फंसाने और सोशल मीडिया पर विडियो अपलोड कर बदनाम करने की धमकी देते हुए चार-पांच लाख रुपए मांगे। रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने उसके गले में पहनी सोने की चैन और जेब में रखे रुपए भी ले लिए।
