टोंक जिले के एक गांव में बाइक चोरी करते पकड़ा गया शख्स बूंदी जिले के एक गांव का पूर्व सरपंच निकला। ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट की, फिर कैंची से बाल काट कर पुलिस को सौंप दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
एनसीआई@बूंदी/टोंक
टोंक जिले के नगरफोर्ट थाना क्षेत्र के रायपुरिया गांव में 5 जुलाई को बाइक चोरी करते हुए ग्रामीणों ने एक शख्स को पकड़ा। उसकी पिटाई करने के साथ कैंची से बाल भी काट दिए। उसके कपड़े भी उतार देने की बात सामने आई है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लिया।
इसमें सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि 30 वर्षीय आरोपी अनिल वाल्मीकि बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के बामन गांव का पूर्व सरपंच था। इसका कार्यकाल वर्ष 2015 से 2020 तक रहा था। इस पूरी घटना का वीडियो तीन दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल होने पर लोगों को इसका पता चला।
ग्रामीणों का आरोप है कि अनिल वाल्मीकि के सरपंच पद का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से वह लगातार चोरी करने लगा था। इससे पहले भी वह कई बार ऐसी वारदातें करते हुए पकड़ा जा चुका है। वहीं, इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की कानून व्यवस्था का उल्लंघन सामने आता है तो सम्बंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अनिल वाल्मीकि का आपराधिक इतिहास
ग्रामीणों के अनुसार अनिल वाल्मीकि के चोरी करते हुए पकड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक वर्ष पहले भी उसे रघुनाथगंज क्षेत्र में चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उस पर बम्बूली गांव के दो मकानों से मोबाइल चोरी करने का भी आरोप लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे टोंक क्षेत्र में पकड़ लिया था। चोरी के मोबाइल बरामद कर पुलिस के हवाले किया था। तलाशी में उसके पास से एक बटनदार चाकू भी मिला था। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में जमानत मिलने के बाद वह फिर से चोरी की वारदातें करने लगा।
इस क्रम में कुछ समय पहले अनिल को बूंदी जिले के नैनवां क्षेत्र के कोलाहेड़ा गांव में भी चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। उस समय भी ग्रामीणों ने उसे रस्सियों से बांधकर पीटा था।
पुलिस ने कहा: कुछ गैरकानूनी मिला तो होगी कार्रवाई
नगरफोर्ट थाना अधिकारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि यह मामला 5 जुलाई का है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उससे धारदार हथियार भी मिला था। अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। वायरल वीडियो के सम्बंध में जांच की जा रही है। वहीं, नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा का भी कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। किसी ने कानून हाथ में लिया है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
