April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: एक तरफ मंत्री का धड़ा, तो दूसरी तरफ पूर्व मंत्री, सोमवार को इनके बीच होगी तगड़ी जंग

राजस्थान: एक तरफ मंत्री का धड़ा, तो दूसरी तरफ पूर्व मंत्री, सोमवार को इनके बीच होगी तगड़ी जंग

एनसीआई@कोटा/बारां

कोटा जिले की सांगोद विधानसभा सीट से विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूर्व मंत्री भरत सिंह एक ओर सोमवार, 23 जनवरी को बारां कलक्ट्रेट पर धरना देंगे। ‌ वहीं, दूसरी ओर बारां जिले के कांग्रेसजन श्री राम स्टेडियम में भरत सिंह के खिलाफ काले झंडे दिखाते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका पुतला दहन भी किया जाएगा। इस प्रकार सोमवार को बारां में कांग्रेस के अंदर ही एक बड़ी जंग देखने को मिलेगी।

गौरतलब है कि विधायक भरत सिंह लम्बे समय से बारां जिले के ही अंता विधायक एवं राज्य के खान, पेट्रोलियम एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर मिलीभगत से अवैध खनन को बढ़ावा देने आदि के गम्भीर आरोप लगाते आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बारां जिले के खान की झोपड़ियां गांव को कोटा जिले में ही मिलाने की मांग भी उठा रखी है। उनका आरोप है कि इस गांव में अवैध खनन किया जा रहा है और यह मूल रूप से कोटा जिले का ही हिस्सा है। इन मुद्दों को लेकर वह सोमवार को कलक्ट्रेट पर धरना देने वाले हैं। ‌उनका आरोप है कि प्रमोद जैन भाया भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।‌ इस सम्बन्ध में वह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी कई बार पत्र लिखकर भाया के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठा चुके हैं। ‌ मगर उनकी इन मांगों का कोई असर नहीं हुआ।

विरोध में यह होगा दूसरा मोर्चा

दूसरी ओर भरत सिंह के इस प्रस्तावित धरने के विरोध में बारां युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शरद शर्मा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हिमांशु धाकड़, सेवादल जिला अध्यक्ष शिवशंकर यादव, एसटी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष हंसराज मीणा बावली, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव भियाड़ा, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सत्यनारायण भूमल्या एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष शाहिद खान कुंडी की ओर से भरत सिंह के खिलाफ श्री राम स्टेडियम में प्रदर्शन किया जाएगा। ‌‌इस दौरान काले झंडे भी दिखाए जाएंगे। ‌‌इन नेताओं की ओर से जारी एक संयुक्त विज्ञप्ति में कहा गया है कि सांगोद विधायक भरत सिंह द्वारा कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने के मंसूबों को बारां जिले में कांग्रेसजन कामयाब नहीं होने देंगे। इसके विरोध में 23 जनवरी को जिला मुख्यालय पर भरत सिंह को काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। साथ ही उनका पुतला दहन भी किया जाएगा।

इस विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि विधायक भरत सिंह वरिष्ठ कांग्रेसी हैं। राजनीतिक यात्रा के अंतिम पड़ाव में हैं। जिस कांग्रेस पार्टी ने इन्हें एवं उनके परिवार को सब कुछ दिया, उसी कांग्रेस पार्टी को लगातार कमजोर करने का कार्य भरत सिंह द्वारा किया जा रहा है। पहले बारां कोटा जिले का ही हिस्सा हुआ करता था, मगर करीब 30 साल पहले जब से यह अलग जिला बना है, तब से बारां में कांग्रेस की टीम का नेतृत्व लोकप्रिय एवं 36 कौम के नेता, गौ रक्षक एवं समाजसेवी प्रमोद जैन भाया करते आ रहे हैं। बारां जिला पहले भाजपा का गढ़ माना जाता था। ‌ यहां अब चार में से तीन विधायक कांग्रेस पार्टी के हैं। ‌ यह प्रमोद जैन भाया के कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने के कारण ही सम्भव हुआ है। ‌

विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि राहुल गांधी द्वारा निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा में भी बारां कांग्रेस के सभी अग्रिम संगठनों, मातृशक्ति एवं युवा वर्ग ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इससे भरत सिंह की कुंठा बढ़ गई है। भरत सिंह ने 4 वर्ष में कोई जनहित का मुद्दा नहीं उठाया, ना ही समाज सेवा का कोई कार्य किया है। अगर ऐसा किया हो तो वह बताएं। वह तो सुबह से शाम तक बारां कांग्रेस को कमजोर करने की रणनीति में लगे रहते हैं। भरत सिंह पर आगे एक और गम्भीर आरोप लगाया गया है कि वह भाजपा के साथ मिलकर बारां जिले में कांग्रेस को कमजोर करना चाह रहे हैं।

इधर, दो विधायकों ने भी दिखाया रोष

दूसरी ओर बारां कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं बारां-अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल एवं किशनगंज विधायक निर्मला सहरिया ने संयुक्त रूप से अलग से पत्र जारी किया है। इन नेताओं ने कहा है कि भरत सिंह पुराने कांग्रेस नेता हैं , हमसे वरिष्ठ हैं। ‌ इस नाते हम उनका सम्मान करते हैं। भरत सिंह एवं उनके परिवार को कांग्रेस पार्टी ने बहुत कुछ दिया है। परंतु जब से बारां कोटा से अलग होकर अलग जिला बना है, तब से सामंतवादी सोच रखते हुए यह बारां के कांग्रेसजनों को नुकसान पहुंचाने का भाव रखते हैं। कुंठा का शिकार होकर भरत सिंह ने राज्य के नेतृत्व मुख्यमंत्री को ही नहीं, अपितु कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भी बुरा भला कहा है‌। उनकी यह हरकतें हाड़ोती और विशेष रूप से बारां जिले में कांग्रेस को कमजोर करने की भाजपा की रणनीति का हिस्सा हैं। बारां कांग्रेस के गढ़ खान की झोपड़ियां गांव को कोटा जिले में मिलाने की कोई कोशिश भरत सिंह ने तब तक नहीं की, जब तक वह मंत्री थे। यह निर्णय बारां जिले के स्तर पर सम्भव भी नहीं है। भरत सिंह 23 जनवरी को धरना देकर माहौल खराब करने की ओछी हरकत करने जा रहे हैं, हम उसकी निंदा करते हैं।

विधायक मेघवाल और सहरिया ने विज्ञप्ति में आगे कहा है कि बारां के विकास को रोकने के लिए भरत सिंह ने पहले गोडावण के मुद्दे को उठाया था और अब खान की झोपड़ियां के मुद्दे को उठा रहे हैं। हम बारां के कांग्रेसी ऐसी ओछी हरकतों से डरते नहीं हैं। हम भरत सिंह की ऐसी ओछी हरकत और मानसिकता की कटु शब्दों में निंदा करते हैं। भरत सिंह का यह कृत्य जयचंद जैसा व्यवहार करने की श्रेणी में आता है। ‌ परंतु हम बारां के कांग्रेसी राहुल के नेतृत्व में देश प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने और भारत को जोड़ने की मुहिम में लगे रहेंगे।

सिंह कहते हैं-बीजेपी और कांग्रेस नेताओं की मिलीभगत

इधर दिलचस्प बात यह भी है कि विधायक भरत सिंह खुद राज्य की अपनी कांग्रेस सरकार को भ्रष्ट बताते हुए, उसके साथ बीजेपी के भी मिले होने की बात कहते हैं।
भरत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की जनता के सामने संकल्प लिया है कि वो अपनी सरकार में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बरदाश्त नही करेंगे। उनकी सरकार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। मुख्यमंत्री के इसी संकल्प को लेकर वह बारां कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करने जा रहे हैं।

वह कहते हैं खान की झोपड़ियां गांव कोटा जिले का है, उसे बारां जिले में जोड़ रखा है। वहां अवैध खनन किया जा रहा है। उसे फिर से कोटा जिले में जोड़ा जाना चाहिए। इस गांव को कोटा जिले में जोड़ने के लिए विधानसभा में दो-तीन साल से वो अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।

कांग्रेस विधायक भरत सिंह भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहते हैं कि उन्हें धरना प्रदर्शन करने की आवश्यकता इसलिए पड़ी क्योंकि बारां जिले में भाजपा खुद भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त है।‌ यहां भाजपा के लोगों को अवैध खनन का मुद्दा उठाना चाहिए, लेकिन यहां वो खुद भ्रष्टाचार की बहती गंगा में हाथ धो रहे हैं। जो काम भाजपा को करना चाहिए, उनकी उदासीनता के चलते कांग्रेस में उन्हें करना पड़ रहा है। भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिले हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.