बीच बाजार रेलवे अधिकारी की पत्नी का पर्स बदमाशों ने खींचा, सड़क पर गिरीं, दांत टूटा
एनसीआई@कोटा
गुमानपुरा बाजार में पैदल जा रही एक रेलवे अधिकारी की पत्नी से बाइक सवार युवकों ने पर्स लूटने का प्रयास किया। जैसे ही इन बदमाशों ने पर्स पर झपट्टा मारा, वह मुंह के बल सड़क पर गिर गईं। बदमाश रेलवे अधिकारी की पत्नी को घसीटते ले गए, लेकिन उन्होंने पर्स नहीं छोड़ा। मगर नीचे गिरने से उनका एक दांत टूट गया।

रेलवे में वाणिज्य विभाग में मुख्य अधीक्षक किशोर कपूर ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात 8 बजे की है। कपूर ने बताया कि वह पत्नी स्मृति कपूर और बेटी पलक के साथ मार्केट गए थे। उनकी गाड़ी गुमानपुरा इलाके में मोदी हाउस के पास खड़ी थी। तीनों पैदल ही गाड़ी की तरफ लौट रहे थे। पत्नी के हाथ में पर्स था।
कपूर ने बताया कि वे संतोष बेकरी के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर तीन बदमाश आए। वे कुछ देर खड़े रहे और फिर मौका देखते ही बाइक को आगे चलाते हुए उनकी पत्नी के पर्स पर झपट्टा मारा। मगर स्मृति ने पर्स को कस कर पकड़ लिया था। इससे बदमाश पर्स खींचने में नाकाम रहे तो उन्होंने बाइक दौड़ाई। इससे स्मृति सड़क पर गिर गईं। इससे उनके मुंह और हाथ में चोट लग गई। नीचे गिरने से उनका दांत टूट गया। वहीं, अपनी कोशिश में नाकाम रहने पर बदमाश बाइक से फरार हो गए।
बाइक पर तीन लोग थे
किशोर कपूर ने बताया कि बाइक पर तीन जने सवार थे। वे रैकी कर रहे थे। कपूर बेकरी की शॉप से आगे निकल चुके थे, जबकि उनकी बेटी और पत्नी पीछे आ रहीं थीं। उन्हें अकेला देखकर बदमाशों ने पर्स खींचकर भागने की कोशिश की। मगर बाइक के स्पीड में होने और पत्नी के द्वारा पर्स को कसकर पकड़ा होने से वह कामयाब नहीं हो सके। उन्होंने इस मामले की थाने में शिकायत की है।
