April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पायलट की सभा में मंत्री गुढ़ा की हाईकमान को चुनौती, बोले- मां का दूध पिया है तो सचिन पर कार्रवाई कीजिए, छठी का दूध याद आ जाएगा

पायलट की सभा में मंत्री गुढ़ा की हाईकमान को चुनौती, बोले- मां का दूध पिया है तो सचिन पर कार्रवाई कीजिए, छठी का दूध याद आ जाएगा

एनसीआई@जयपुर

सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा ने कांग्रेस हाई कमान और प्रदेश प्रभारी को चेतावनी दी है। मंत्री ने कहा- ‘मैं चैलेंज देना चाहता हूं, मां का दूध पिया है तो सचिन पायलट के खिलाफ अनुशासन की कार्रवाई करके बताइए। छठी का दूध याद आ जाएगा।’

गुढ़ा सोमवार को झुंझुनूं के खेतड़ी में टीबा गांव में शहीद की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद हुई सभा में बोल रहे थे। सभा में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी मौजूद थे।

गुढ़ा ने कहा कि मुझे लोग कहते हैं कि मुख्यमंत्री तुम्हें जेल भेज देंगे। जेल का लाइसेंस रिन्यू करने का टाइम आ गया है। राजस्थान की 36 कौम और सभी जाति के नौजवान पायलट के साथ खड़े हैं। जी जान देने के लिए तैयार हैं, जिस दिन जरूरत पड़ेगी।

करोड़ों लोग गद्दार, नाकारा, निकम्मा जैसी भाषा नहीं सुनेंगे

गुढ़ा ने कहा- मुख्यमंत्री की 63 साल की उम्र थी, तब भी सरकार नहीं बना पाए। 100 के 21 बना दिए थे। अब हमारे मुख्यमंत्री 73 साल के हो गए हैं। 2013 में जवानी कुछ बची हुई थी। अब 73 के हो गए हैं। अब प्रचंड बहुमत आएगा। समाचार समाप्ति की तरफ जा रहे हैं। करोड़ों लोग यह भाषा नहीं सुन सकते, ये गद्दार, नाकारा निकम्मा। ये नहीं सुन सकते। हमारे धैर्य की परीक्षा नहीं ली जाए। ये नौजवान बर्दाश्त करने वाला नहीं है। गुढ़ा तो कभी भी अनुशासनहीनता की कार्रवाई के लिए तैयार है, कभी भी कर देना। मेरे खिलाफ झूठे मुकदमे किए गए।

सोलंकी बोले- पायलट के चेहरे के बिना सरकार नहीं आएगी

पायलट समर्थक विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने कहा कि पायलट का चेहरा आगे नहीं किया तो सरकार आना मुश्किल है। जिन नेताओं ने हमें यहां तक पहुंचाया है, उनकी हम शहादत नहीं होने देंगे। यह पायलट की ताकत थी। यह पायलट का ही चेहरा था। इसकी वजह से कांग्रेस की सरकार आई। आने वाले समय में भी अगर पायलट का चेहरा रहा तो ही कांग्रेस की सरकार रिपीट करेगी।

अगर इस चेहरे में थोड़ी सी भी मायूसी दिखी तो मुझे लगता है सरकार नहीं आएगी। जो मंत्री गुढ़ा ने कहा वह बात सही हो जाए। हम नहीं चाहते, जो गुढ़ा ने बात कही, वह सही हो। कार्यकर्ता कांग्रेस की सरकार लाना चाहते हैं। कांग्रेसी कार्यकर्ता चाहते हैं, जिसके चेहरे पर यह सरकार आई थी, उस चेहरे को चमकाना बहुत जरूरी है।

मंत्रियों के पास पावर नहीं है

सोलंकी ने कहा कि शहीद की वीरांगना आज भी नौकरी के लिए तड़प रही है। मंत्री राजेंद्र गुढ़ा सही कहते हैं कि मंत्रियों को पावर नहीं है। मंत्रियों को पावर दी जानी चाहिए। मंत्रियों के पावर अभी भी हाथ में नहीं है। गुढ़ा बार-बार कहते हैं। शेखावाटी के लोग सेना में सबसे ज्यादा बलिदान देते हैं। सरकार इनके प्रपोजल को खारिज करती है तो उन लोगों से हमें लड़ाई भी लड़नी है। जो देश के लिए शहीद होते हैं, हमें उनकी इज्जत करनी चाहिए।

सोलंकी ने कहा कि सरकार ने जो घोषणा की उसे पूरा किया जाना चाहिए। जहां सरकार घोषणा करती है, जहां नौकरी देने की बात करती है। उसे पूरा नहीं किया जाता। हमारे झुंझुनूं की शहीद की वीरांगना को नौकरी नहीं मिल रही। मंत्री राजेंद्र गुढ़ा बैठे हैं, सरकार से अप्रूव करवाओ। सचिन पायलट की वजह से आज चार-चार दलित मंत्री केबिनेट में हैं। पायलट की आपकी आवाज की वजह से पहली बार चार-चार दलित केबिनेट मंत्री बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.