पायलट पर सीएम गहलोत की तल्खी जारी, एक बार फिर कसा तगड़ा तंज, मामला सुलझाने का नहीं दिखा मूड
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस हाईकमान की सचिन पायलट मामले में सुलह की कोशिश के बीच सीएम अशोक गहलोत ने तंज कसा है। उन्होंने सुलह के फॉर्मूले की चर्चाओं को निराधार बताया है। गहलोत ने पायलट की शर्त नहीं मानने के संकेत दिए हैं। गहलोत ने कहा- किसी कार्यकर्ता की इतनी हिम्मत नहीं है कि वह कहे यह पद लूंगा। यह नहीं लूंगा। गहलोत सोमवार दोपहर को यहां मीडिया से बात कर रहे थे।
गहलोत ने कहा- ऐसे फॉर्मूले मैंने अपनी जिंदगी में कभी नहीं सुने। कोई नेता मांगे कि यह चीज मुझे मिल जाए या हाईकमान उसे ऑफर करे कि आप कौन सा पद लोगे? ऐसा रिवाज मैंने कभी कांग्रेस में नहीं देखा। लोग स्टोरी बनाते रहते होंगे। उसमें कोई दम नहीं होता।
मनाने के लिए पद ऑफर करने का रिवाज नहीं
गहलोत ने कहा- हाईकमान और कांग्रेस पार्टी आज भी इतनी मजबूत है कि ऐसी स्थिति नहीं आई है कि आप किसी को मनाने के लिए ऑफर करो कि आप कौन सा पद स्वीकार करोगे? ऐसा आज तक कभी नहीं हुआ। जिंदगी में न कभी होगा। कांग्रेस बहुत मजबूत संगठन है। आज भी हाईकमान बहुत मजबूत है। न किसी कार्यकर्ता की ऐसी हिम्मत है कि वह कहे कि मैं यह पद लूंगा। ऐसा कभी होता नहीं होता है।
गहलोत के बयान के सियासी मायने
गहलोत ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात से पहले सचिन पायलट पर तंज कसकर सुलह फाॅर्मूले की गुंजाइश पर ही सवाल उठा दिए हैं। गहलोत ने साफ तौर पर इशारा किया है कि वे पायलट की मांगों के सामने सरेंडर करने को तैयार नहीं हैं।
पायलट को संगठन में अच्छा पद देने और उनके मुताबिक कमेटी में लेने के लिए भी तैयार नहीं हैं। गहलोत ने इस बयान के जरिए यह संकेत दे दिए हैं कि पायलट की मांगों को नहीं माना जाएगा। अब हाईकमान के रुख पर सब निर्भर करेगा। इस बैठक से पहले गहलोत के बयान ने नई सियासी चर्चाएं छेड़ दी हैं।
चार दिन में दूसरी बार जुबान से वार
पायलट को लेकर गहलोत ने चार दिन में ही दूसरी बार तंज भरा कमेंट किया है। इससे पहले गुरुवार को सचिन की मांगों पर सीएम गहलोत ने विपक्ष की आड़ लेकर कहा था कि पेपर लीक पर मुआवजा मांगने को बुद्धि का दिवालियापन नहीं कहेंगे क्या? अब तक कभी पेपर लीक पर किसी सरकार ने मुआवजा दिया है क्या, ऐसा कभी हुआ है?
गहलोत ने यह बयान गुरुवार शाम को जयपुर में सिंधी केम्प बस स्टेंड के नए टर्मिनल के लोकार्पण समारोह में दिया था। आज फिर पायलट से सुलह फॉर्मूले को लेकर गहलोत ने सवाल उठा दिए हैं। गहलोत के बयान से साफ है कि वे फिलहाल पायलट से सुलह को तैयार नहीं है।
