April 29, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ​​​​​​​और विधायक में गरमागर्मी, डोटासरा ने सीमा में रहने की दी हिदायत तो पारीक बोले- आपको शर्म आनी चाहिए

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ​​​​​​​और विधायक में गरमागर्मी, डोटासरा ने सीमा में रहने की दी हिदायत तो पारीक बोले- आपको शर्म आनी चाहिए

एनसीआई@सीकर

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा और सीकर विधायक (कांग्रेस) राजेन्द्र पारीक में जमकर नोकझोंक हुई। पानी की निकासी के मुद्दे पर दोनों नेता उलझ पड़े। डोटासरा ने पारीक पर अधिकारियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया। करीब दस मिनट तक दोनों नेताओं में बहस होती रही। कलक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं पर हुई बैठक में यह नजारा सामने आया। इस दौरान वहां मौजूद कलेक्टर से लेकर प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत देखते रहे। दोनों नेता एक-दूसरे को सीमा में रहने की हिदायत देते रहे। बात आगे बढ़ती देख शकुंतला रावत ने पारीक को टोका, तब मामला शांत हुआ।

सीकर कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत बजट घोषणाओं पर बैठक ले रहीं थीं। इस बीच नवलगढ़ रोड जल निकासी और नवलगढ़ रोड पुलिया फोरलेन प्रोजेक्ट को लेकर लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने अधिकारियों से जवाब मांगा।

‘आप अपने लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र का ध्यान रखो’

डोटासरा ने पूर्व मंत्री पारीक को अधिकारियों का पक्ष न लेने की बात कही। ऐसे में दोनों के बीच टकराव हो गया। माहौल इतना गर्मा गया कि राजेन्द्र पारीक ने डोटासरा को यहां तक कह दिया कि आप अपने लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र का ध्यान रखो।

डोटासरा ने हद में रहने की दी हिदायत

डोटासरा ने कहा कि मेरा आवास सीकर में नवलगढ़ रोड पर है। ऐसे में मुझे परेशानी होती है। पारीक ने कहा कि मैं और सभापति रात को 12-12 बजे तक शहर में चल रहे विकास कार्यों की खुद मॉनिटरिंग करते हैं। इस पर डोटासरा ने पारीक से कहा कि आप अपनी सीमा में रहिए।

ऐसा रहा नजारा

डोटासरा ने पारीक को उंगली दिखाते हुए कहा- आप अपनी सीमा में रहो।


पारीक ने गुस्से में कहा – आपको शर्म आनी चाहिए।
डोटासरा ने फिर कहा- आप अपनी सीमा में रहो। ठेका नहीं ले रखा है आपने सीकर का। ये बनेगा या नहीं बनेगा।
पारीक ने कहा- चुप करो यार। इस पर मंत्री ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि आप इतने सीनियर हो।
डोटासरा ने कहा- ये सीनियर हैं। ये तो जबरदस्ती पार्टी बन गए।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों पर बरसे डोटासरा

बीच-बचाव करने आईं प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत ने जब दोनों का विवाद सुलझाने की कोशिश की तो पारीक ने कहा कि ऐसे लोगों के साथ बैठक मत रखिए। करीब 10 मिनट तक डोटासरा और पारीक के बीच नोकझोंक चलती रही। बीच-बचाव के बाद दोनों को शांत किया गया। इसके बाद बैठक वापस शुरू हुई। डोटासरा ने नवलगढ़ पुलिया फोरलेन पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कहा कि आपने पीपीटी में कोई और बात बताई है, जबकि बैठक में दूसरी बात कह रहे हो। ऐसे में किस बात को आधार मानें। फरवरी में बजट आ चुका है, लेकिन अभी तक आप लोग यह डिसाइड नहीं कर सके हो कि काम किस तरीके से करना है। चुनाव में अब 4 महीने का समय बचा है। हम लोग जनता को क्या जवाब देंगे? डोटासरा ने बैठक में यह कह दिया कि मुझे 101 प्रतिशत विश्वास है कि पीडब्ल्यूडी यह काम नहीं कर पाएगी। राजेन्द्र पारीक ने इस पर कहा कि स्टेट लेवल पर विभाग और रेलवे के अधिकारियों की बैठक होनी चाहिए। तब जाकर इसमें काम हो सकता है।

बैठक के बीच में से चले गए सभापति

 

बैठक में डोटासरा सीकर नगर परिषद सभापति जीवण खां से भी उलझते हुए नजर आए। डोटासरा ने कहा कि हमारी सरकार होने के बावजूद भी पिपराली रोड और नवलगढ़ रोड की हालत खराब है। लोग वहां नर्क की जिंदगी जी रहे हैं। डेढ़ महीने से वहां कोई काम नहीं हो रहा है। नवलगढ़ पुलिया, जगमलपुरा बाईपास के साथ ही सीवरेज का काम भी धीमी गति से चल रहा है। जवाब में जीवण खां ने कहा कि नगर परिषद लगातार काम कर रही है। करीब एक मिनट तक दोनों के बीच में नोकझोंक हुई। फिर बीच बैठक ही नगर परिषद सभापति उठ कर चले गए।

सड़क निर्माण पर खर्च हुआ पैसा

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की बैठक 2 साल तक नहीं होती है। नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी ने कहा कि डीएमएफटी का 75% पैसा मेरे क्षेत्र से आता है। इसके बावजूद मेरे इलाके में वह पैसा विकास कार्यों में खर्च नहीं होता। इस पर प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि वह पैसा जिले में कहीं भी खर्च हो सकता है। नीमकाथाना क्षेत्र में भी हुआ है। इसके अलावा सीकर में मेडिकल कॉलेज में भी डीएमएफटी का पैसा खर्च हुआ है।‌ इसके अलावा बैठक में दासा की ढाणी, जयपुर रोड, पिपराली रोड के सड़कों के कामों पर चर्चा हुई।

डोटासरा बोले- पारीक साहब मेरे बड़े हैं

बैठक के बाद पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने पारीक से हुए विवाद पर मीडिया से कहा कि- हमारा किसी अधिकारी या नेता से कोई व्यक्तिगत दुराभाव नहीं है। हम सभी तो साथ बैठकर खाना खाते हैं। संगठन में साथ बैठकर काम करते हैं। पारीक साहब मेरे बड़े हैं। मैं उनके पैर छूकर नमस्कार करता हूं। लेकिन जब बजट घोषणा की बात करें तो वह उसे व्यक्तिगत लेकर कह रहे हैं कि मेरे अधिकारी पर आप लांछन लगा रहे हो। हो सकता है कि उन्हें कोई गलतफहमी हुई हो, उनकी गलतफहमी को मैं दूर करूंगा।

मतभेद हो सकता, लेकिन मन भेद नहीं हैं

डोटासरा ने कहा कि सीकर के विकास के लिए पारीक भी काफी प्रयास कर रहे हैं। अधिकारी किसी का नहीं होता है। वह केवल अपना होता है और अपनी नौकरी का होता है। कोई अधिकारी किसी की डिजायर से कहीं नौकरी लग जाता है तो इसका मतलब यह नहीं कि वह गलत काम कर दे। डोटासरा ने कहा कि आज के इस संवाद से जनता को मैसेज मिलेगा कि जनता के मुद्दों को लेकर हमें जहां टकराने की आवश्यकता है, वहां हम टकराते हैं। मतभेद किसी बात को लेकर हो सकता है, लेकिन हमारे बीच मन भेद नहीं है।

सीएम ने सीकर को सबसे ज्यादा बजट दिया है। जनता जब हमारा मूल्यांकन करेगी तो वह यही देखेगी कि किस तरह से सरकार ने गुड गवर्नेंस दी। मीटिंग में जिस जिसके जो विचार थे, वह उन्होंने रखे। डोटासरा ने कहा कि जो भी काम हो वह क्वालिटी का होना चाहिए, क्योंकि यह पैसा हमारा पैसा नहीं बल्कि जनता का पैसा है।

दोनों के बीच नोकझोंक नहीं, केवल संवाद था

वहीं, इस विवाद पर प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि कई काम ऐसे होते हैं, जिनमें केन्द्र सरकार से मंजूरी मिलना जरूरी होता है। लेकिन केन्द्र सरकार कोई न कोई पॉइंट लगाकर फाइल को वापस भेज देती है, इसलिए बजट घोषणा साकार होने में देरी हो जाती है। डोटासरा- पारीक के विवाद पर रावत ने कहा कि यह कोई नोकझोंक नहीं थी, बल्कि दोनों आपस में डिस्कस कर रहे थे। यदि ऐसा संवाद किसी को विवादित लगता है तो यह विवादित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.