April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राहुल गांधी ने बीजेपी पर आदिवासियों के अपमान का आरोप लगाया, कहा-भाजपा वनवासी मानती है, यह भारत माता का अपमान

राहुल गांधी ने बीजेपी पर आदिवासियों के अपमान का आरोप लगाया, कहा-भाजपा वनवासी मानती है, यह भारत माता का अपमान

एनसीआई@बांसवाड़ा

विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बुधवार को राजस्थान के मानगढ़ धाम पहुंचे। यहां सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी भारत के पहले मालिक हैं। यह जो हमारी जमीन है, जिसे आज हम भारत कहते हैं, यह जमीन आदिवासियों की जमीन थी। यह मुझे मेरी दादी इंदिरा गांधी ने बताया है, लेकिन भाजपा आदिवासियों को आदिवासी नहीं वनवासी कहती है। यह आदिवासियों और भारत माता का अपमान है।

राहुल गांधी ने कहा- भाजपा कहती है कि आप देश के मालिक नहीं हो, आप तो जंगल में रहने वाले लोग हो। वे आपको वनवासी कहते हैं और वहीं वन उद्योगपतियों को सौंप दिए। वह चाहते हैं कि आहिस्ता-आहिस्ता जंगल खत्म कर दें और आप कहीं के नहीं रहें।राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासियों को हर तरह का सपना देखना चाहिए। उन्हें पायलट, वकील या जो वो चाहें, वह बनने का हक है।

प्रधानमंत्री चाहते हैं मणिपुर जलता रहे

राहुल गांधी ने अपने विशेष अंदाज में भाषण चालू रखते हुए आगे कहा- प्रधानमंत्री चाहते हैं कि मणिपुर में आग जलती रहे। तीन माह हो गए, ऐसा लगता है मणिपुर देश का भाग ही नहीं है। मैं रिलीफ केम्प गया, विपक्ष के नेता गए, लेकिन पीएम नहीं गए। पीएम मणिपुर पर एक शब्द नहीं बोले। जहां भी ये लोग जाते हैं, किसी न किसी को लड़ा देते हैं। नफरत, हिंसा फैलाएंगे, बाकी लोगों के बारे में गलत शब्द प्रयोग करेंगे।

बीजेपी की विचारधारा ने मणिपुर में भारत माता की हत्या की

राहुल गांधी ने कहा- बीजेपी के लोग जहां भी जाते हैं, हिन्दुस्तान की आवाज को दबाने की कोशिश करते हैं। बीजेपी की सोच ने मणिपुर में आग लगा दी। तीन चार महीने से मणिपुर में आग जल रही है, लोग मारे जा रहे हैं, महिलाओं से रेप हो रहे हैं। मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई है। बीजेपी की विचारधारा ने भारत माता की हत्या की है।

चिरंजीवी योजना सबसे बेहतर हेल्थ स्कीम

राहुल गांधी ने गहलोत सरकार की चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना को देश में सबसे बेहतर हेल्थ स्कीम बताते हुए कहा कि हम गरीबों के लिए सरकार चलाते हैं। आदिवासियों के लिए सरकार चलाते हैं।

100 करोड़ से शुरू होगा मानगढ़ धाम का विकास: सीएम गहलोत

राहुल गांधी से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार ने इस स्मारक के विकास का वादा किया था, लेकिन काम नहीं किया। इसलिए अब राज्य सरकार इस धाम का विकास करेगी। 100 करोड़ की लागत से इसकी शुरुआत कर रहे हैं। गहलोत ने घोषणा की कि अब राज्य सरकार के हॉस्टल में 1 लाख एससी, एसटी और ओबीसी के बच्चे रहेंगे। अब तक 50 हजार बच्चे रहते थे।

सचिन पायलट बोले- भाजपा का मेन इंजन ही फेल करना होगा

सभा को सम्बोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि आज पार्लियामेंट के अंदर भाषण देकर आए हैं। हर मोर्चे पर भारत सरकार फेल रही है। हमने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार फेल की है, अब समय आ गया है कि भाजपा का दिल्ली वाला मेन इंजन ही फेल कर दिया जाए।

दोनों दलों के लिए मानगढ़ मुद्दा

उल्लेखनीय है कि गत दिनों हुई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा से पहले मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की बात चली थी, लेकिन ऐसी घोषणा नहीं हुई थी। तब प्रधानमंत्री ने सभा में कहा था कि इससे सटे राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र चारों राज्यों की सरकारें इसके विकास के लिए काम करें। इस पर गहलोत ने कहा कि भारत सरकार ऐसा नहीं कर रही है तो राजस्थान सरकार इसके विकास को लेकर काम करेगी। ​​​​​​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.