एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के चुनावी मौसम में कांग्रेस की एक और बड़ी नेता हाथ का साथ छोड़कर ‘कमल’ के समर्थन में आ गई हैं। जयपुर में शनिवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की करीबी पूर्व मेयर और जयपुर लोकसभा से कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं ज्योति खंडेलवाल ने बीजेपी का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होते ही ज्योति खंडेलवाल ने कांग्रेस पार्टी पर गम्भीर आरोप लगाए। साथ ही चंद्र ग्रहण के दिन कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल होने पर कहा कि-ग्रहण तो अब कांग्रेस पर लगने वाला है।
ज्योति खंडेलवाल ने कहा- प्रदेश की कांग्रेस सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह फेल रही है। यहां कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी हो रही है। कांग्रेस में लगातार पार्टी के लिए समर्पित और समर्पण भाव से काम करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से मन विचलित हुआ, इसलिए कांग्रेस को छोड़ भाजपा में शामिल हुई हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान का सब कुछ देखने के बाद भी खामोश रहना, कोई एक्शन नहीं लेना और कम्प्रोमाइज कर लेना, ये भी एक बड़ा कारण कांग्रेस छोड़ने का रहा।
बीजेपी में हर वर्ग का रखा जाता है ख्याल
खंडेलवाल ने कहा कि- कांग्रेस में एक कार्यकर्ता और पार्षद के रूप में काम किया है। किसी पद पर नहीं होते हुए भी पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया, लेकिन अब वहां निष्ठा और समर्पण भाव से काम करने वालों की जरूरत नहीं है। कांग्रेस में उनकी उपेक्षा होने लगी थी, वहां पर वो पीड़ा महसूस कर रही थीं।
ज्योति ने कहा-भाजपा वो पार्टी है जो सनातन धर्म को लेकर आगे बढ़ रही है, इस पार्टी में महिलाओं का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर वर्ग, हर कार्यकर्ता का ध्यान रखा जाता है, बात सुनी जाती है, कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाया जाता है, इसलिए वो कांग्रेस छोड़ भाजपा के साथ जुड़ी हैं।
बिना शर्त बीजेपी का दामन थामा
पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल ने विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा- बीजेपी में परिवार के सदस्य के रूप में शामिल हो चुकी हूं। पार्टी की मजबूती के लिए निष्ठा के साथ काम करूंगी। पार्टी और संगठन जो भी जिम्मेदारी देगा, वो मंजूर होगा। उन्होंने कहा- किसी तरह की शर्त के साथ भाजपा ज्वॉइन नहीं की है। पार्टी के विचारों और रीति-नीति से प्रभावित होकर शामिल हुई हूं।
