LIVE : जयपुर स्थित भाजपा मीडिया सेंटर से लाइव। https://t.co/VaSmn64Wn9
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) October 28, 2023
एनसीआई@जयपुर
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इनमें सबसे बड़ा चेहरा जयपुर की पूर्व महापौर व कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुकी ज्योति खंडेलवाल शामिल हैं। साथ ही तारानगर से पूर्व विधायक और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे चंदनमल बैद के बेटे चंद्रशेखर बैद व पूर्व विधायक नंदलाल पूनिया जैसे कांग्रेसी ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया। जोधपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रवींद्र सिंह भाटी भी बीजेपी से जुड़ गए। इनके अलावा भी कई अन्य दिग्गजों ने आज बीजेपी का दामन थामा।

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 25 नवम्बर को होगा। इस बीच कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों के नेता अपने-अपने दल-बदल रहे हैं। जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में कई कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व अधिकारी बीजेपी में शामिल हुए।

जिनकी कोई गारंटी नहीं, उनकी गारंटी का मतलब नहीं
राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने इन नेताओं का स्वागत किया। भाजपा पदाधिकारियों ने ज्योति खंडेलवाल और अन्य को भगवा दुपट्टा पहनाया। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि बीजेपी हवा नहीं तूफान है। लोगों को मोदी जी की गारंटी पर विश्वास है, इसलिए लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जिनकी ख़ुद की अब कोई गारंटी नहीं, उनकी गारंटी का कोई मतलब नहीं। गारंटी तो मोदी सरकार की है जो असंभव को संभव करके दिखाती है।

इन नेताओं ने थामा भाजपा का दमन
आज बीजेपी में शामिल होने वालों में पूर्व एमएलए सीएस वैद्य, पूर्व एमएलए नंदलाल पूनिया, डॉ. हरि सिंह सारण, सांवरमल महरिया, सोमेन्द्र सिंह, पूर्व आईपीएस केसर सिंह शेखावत, पूर्व आईपीएस भीम सिंह बीका और छात्र नेता रविंद्र भाटी शामिल रहे। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इनके अलावा विद्याधर नगर से आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता रहे जयपाल सिंह मंडोत, उपाध्यक्ष रहे धर्मेंद्र सिंह राठौड़, सोमेंद्र सिंह चौहान, रवि जिंदल, किशोर सिंह विष्णु प्रताप, लक्ष्मणगढ़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रहे व पंचायत समिति सदस्य जितेंद्र सिंह आदि भी बीजेपी में शामिल हो गए। जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सनातन को खत्म करने की मुहिम में लगी हुई है, इसलिए उन्होंने उस पार्टी को छोड़ा है।

कांग्रेस की इन गारंटियों का क्या हुआ? – सीपी जोशी
इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसा तब होता है, जब लोगों में पार्टी के प्रति विश्वास हो, नेतृत्व के प्रति विश्वास हो। वरना लोग उचित जगह पर, उचित नेतृत्व के साथ जाते हैं।

कांग्रेस की गारंटी पर प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी बोले कि आपने किसानों का कर्ज माफ करने की गारंटी दी थी, राजस्थान के विकास की गारंटी दी थी, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की गारंटी दी थी, महिला सुरक्षा की गारंटी दी थी, महंगाई कम करने की गारंटी दी थी, इनका क्या हुआ? केवल मोदी जी की गारंटी है, जिस पर जनता को विश्वास है। आज जनता देख रही है कि महंगाई के मामले में देश में राजस्थान शीर्ष पर है।
सरकारी कर्मचारियों को कह रहे कुत्ता
ईडी को कुत्ता कहने पर सीपी जोशी ने सीएम अशोक गहलोत पर पलटवार करते हुए कहा, जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग सीएम करते हैं मैं इसकी निंदा करता हूं। यह उनकी हताशा दिख रहा है। उन्हें साफ लग रहा है एक ही कांग्रेस हारने जा रही है। सरकारी कर्मचारियों के लिए इस तरह के शब्दों का प्रयोग नहीं होना चाहिए। राजस्थान में भी बहुत सारे सरकारी कर्मचारी हैं।

लक्ष्मणगढ़ के रविंद्र सिंह भाटी का जिक्र करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने कहा कि जब ये यहां आ रहे थे तो पीसीसी चीफ ने रास्ते में गाड़ियां लगाकर इन्हें रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन इनके मन में था कि अब कमल के साथ जाना है, मोदी जी के साथ जाना है, इसलिए यहां पहुंचे हैं।
प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने यह कहा
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि आज राजस्थान बीजेपी का परिवार और बढ़ गया है। उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं का नाम लेकर उनका स्वागत किया। साथ ही दावा किया कि इस बार बीजेपी की केवल जीत ही नहीं होगी, अपितु ऐतिहासिक जीत होगी। महिला अत्याचार, पेपर लीक, किसानों को कर्ज में डाल देने वाली यह सरकार है। जाते-जाते गहलोत जी को यह समझ में नहीं आ रहा है कि किन शब्दों का उपयोग करें। उन्होंने ज्यूडिशरी के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया, फिर माफी मांगी। अब वह सरकारी कर्मचारियों को भी अपशब्द कह रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस में व मुख्यमंत्री में हताशा व्याप्त है। हार की हताशा के कारण इस प्रकार के वक्तव्य दे रहे हैं। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ सभी कार्यकर्ता मिलकर एकजुट होकर सारे रिकॉर्ड को ध्वस्त करके ऐतिहासिक विजय हासिल करेंगे।

गहलोत की घोषणाएं आचार संहिता का उल्लंघन
विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं का स्वागत उनका नाम लेकर किया। इसके साथ कहा कि जब मेरी इनसे बात हुई तो इनका कहना था कि अपमान में छूट की राजनीति के चलते व कांग्रेस के भ्रष्टाचार की कलई खुलती जाने से वह भाजपा के साथ आ रहे हैं। इससे पूरी पार्टी में हलचल है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के द्वारा कल शुक्रवार को दी गई गारंटियों पर राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा- सीएम लगातार आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट 2019 में निर्देशित किया गया है आचार संहिता के दौरान किसी भी परियोजना या राहत की घोषणा सरकार की ओर से नहीं की जा सकती है। मगर सरकार की ओर से लगातार निर्वाचन को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों को भी इसके लिए परेशान किया जा रहा है। पहली बार ईडी की कार्रवाई से इतनी हलचल हो रही है। मगर यह हलचल उस समय नहीं हुई जब कलाम कोचिंग इंस्टिट्यूट में पेपर लीक के प्रमाण मिल जब डीपी जारोली ने कहा कि मेरा कोई कसर नहीं है। यह कसूर ऊपर बैठे लोगों का है। जब बाबूलाल कटारा ने कहा कि मुझे नामजद किया गया था, मैंने 1 करोड़ 75 लाख की रिश्वत दी है। यह सब बातें सिद्ध कर रही हैं कि ईडी की यह कार्रवाई नौजवानों के अरमानों को कुचलना का पर्दाफाश करने के लिए हो रही है।
