April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

फारूक अब्दुल्ला की बेटी सारा से सचिन पायलट का हो चुका है तलाक

फारूक अब्दुल्ला की बेटी सारा से सचिन पायलट का हो चुका है तलाक

राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता सचिन पायलट अपनी पत्नी सारा पायलट से तलाक ले चुके हैं। विधानसभा की उम्मीदवारी के लिए दायर हलफनामे में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है। सचिन और सारा के दो बच्चे हैं। सारा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला की बेटी हैं। दोनों की शादी 15 जनवरी 2004 को हुई थी।

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में कांग्रेस के सबसे युवा दिग्गज नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट अपनी पत्नी सारा पायलट से तलाक ले चुके हैं। इसका खुलासा उनके टोंक में भरे नामांकन पत्र के साथ दिए एफिडेविट से हुआ है। हालांकि उन्होंने तलाक कब लिया इसका पता नहीं चल पाया है। नामांकन पत्र के साथ पेश एफिडेविट के जरिए पहली बार सार्वजनिक रूप से इसका खुलासा हुआ है।

सचिन-सारा के हैं दो बच्चे

सचिन और सारा के दो बच्चे हैं और दोनों सचिन के साथ ही रहते हैं, जिसका जिक्र भी एफिडेविट में किया हुआ है। सारा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला की बेटी हैं। उनकी शादी सचिन पायलट से 19 साल पहले 15 जनवरी 2004 को हुई थी।

बेटी की शादी में नहीं आए थे फारूक

बताया जाता है कि इन दोनों के रिश्ते से दोनों के परिवार नाखुश थे, किन्तु सचिन अपने परिवार को राजी करने में कामयाब हो गए थे। फारूक इस रिश्ते से इस कदर नाराज थे कि वह अपने बेटी की शादी में शरीक तक नहीं हुए थे। दोनों ने दिल्ली स्थित आवास पर शादी की थी, तब सचिन की मां रमा पायलट दौसा से सांसद थीं। पिछले कई महीनों से यह चर्चा थी कि सचिन और उनकी पत्नी सारा अलग-अलग रह रहे हैं, लेकिन उनके तलाक की बात किसी को मालूम नहीं थी। दोनों ने कब तलाक लिया, इसका भी खुलासा नहीं हो पाया।

सचिन संभाले रहे हैं पिता की राजनीतिक विरासत

सचिन के पिता राजेश पायलट भी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार थे। राजीव गांधी उन्हें अपने साथ राजनीति में लाए थे। पिता की एक दुर्घटना में मौत के बाद सचिन सक्रिय राजनीति में उतरे और पहली बार दौसा से सांसद बने। बेहद कम उम्र में उन्हें केन्द्र सरकार में मंत्री बनने का अवसर मिला।

राजस्थान में दिलाई कांग्रेस को जीत

राजस्थान में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान सचिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे और अपनी मेहनत के बल पर पार्टी को सत्ता में लाने में सफल रहे। हालांकि, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उनकी नहीं बनी और उन्होंने उप मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.