एनसीआई@कोटा
कोटा उत्तर विधानसभा सीट के लिए एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में राज्य के केबिनेट मंत्री शांति धारीवाल ने आज सुबह कलक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इससे पहले धारीवाल सर्किट हाउस स्थित गणेश मंदिर में भगवान के दर्शन करने पहुंचे। प्रार्थना करते हुए भगवान से अपनी विजय की कामना की। इसके बाद घोषित कार्यक्रम के अनुसार कलक्ट्रेट पहुंचकर 11 बजे करीब अपना नामांकन दाखिल किया।
वो गुंजल की जीत नहीं थी, मोदी लहर थी
नामांकन दाखिल करने के बाद धारीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा- देव दर्शन के साथ चुनावी शुरुआत हुई है। पहली बार बीजेपी के प्रह्लाद गुंजल मोदी लहर के कारण जीते थे। उस समय नरेन्द्र मोदी केन्द्र की राजनीति में आए थे। पूरे देश में मोदी की लहर थी। इस प्रकार तब वह गुंजल की जीत नहीं थी। असली मुकाबला तो तब होता ह, जब माहौल खिलाफ भी ना हो और पक्ष में भी ना हो। बीच का माहौल हो। साल 2018 के चुनाव में बीच का माहौल था। ना बीजेपी, ना कांग्रेस के पक्ष में हवा थी। तब जनता ने मुझे आशीर्वाद दिया और मैंने जीत हासिल की।
नकारात्मक नहीं, सकारात्मक राजनीति करता हूं
धारीवाल आगे बोले- मैं सकारात्मक राजनीति करता हूं, नकारात्मक राजनीति तो करता ही नहीं हूं। मैं ज्यादा किसी की आलोचना नहीं करता। किसी पर भी व्यक्तिगत आरोप भी नहीं लगाता। हालांकि लोगों के खूब आरोप है, लेकिन मैं उनको प्रचार के दौरान कहना नहीं चाहता। जनता जानती है, मैं वादा नहीं करता, काम करके दिखाता हूं।
केबिनेट मंत्री ने कहा-इस चुनाव में सकारात्मक प्रचार करेंगे। जनता से कहेंगे कि अगर हमने कुछ काम किया है तो हमें दोबारा चुन लो, ताकि जो कुछ विकास कार्य किए हैं, उसका रखरखाव तो कर दें। नया काम और कर देंगे। जनता की जो समस्या बाकी रह गई हैं, उनका भी समाधान करेंगे। अंतिम सूची में नाम आने के बड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि आलाकमान का अपना-अपना रवैया होता है, मेरा ही क्या, कई लोगों का नाम अंतिम सूची में आया है।
विशाल रैली में कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह

नामांकन दाखिल करने के बाद केबिनेट मंत्री धारीवाल की विशाल रैली शुरू हुई। नयापुरा स्टेडियम से शुरू हुई इस रैली को कलक्ट्रेट पहुंचना है। समाचार लिखे जाने तक यह रैली जारी है इसमें कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। जोर शोर से शांति धारीवाल और कांग्रेस के पक्ष में नारे लगाए जा रहे हैं।

