एनसीआई@बाड़मेर/उदयपुर
राहुल गांधी की जुबान ने एक बार फिर अपनी लगाम खो दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पनौती कहा। जेबकतरा भी बोला। राहुल ने आज मंगलवार को बाड़मेर के बायतु और उदयपुर के वल्लभनगर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए ये बातें कहीं। राहुल ने कहा- ‘पीएम मतलब पनौती मोदी।’ अच्छा खासा लड़के वर्ल्ड कप जीत रहे थे, यह अलग बात है हरवा दिया।
राहुल गांधी ने कहा-मोदी का काम आपके ध्यान को इधर-उधर करने का है। अडाणी का काम आपकी जेब काटना है। दोनों आते हैं, एक टीवी पर आता हैं। आपसे कहेगा हिन्दू-मुस्लिम, कभी क्रिकेट मैच में चला जाएगा।

राहुल ने कहा- एक साल पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक हमने यात्रा की। 4500 किलोमीटर लाखों लोगों के साथ कश्मीर तक चले। बारिश, तूफान, बर्फ में पैदल चले। इसका मकसद था, भारत को जोड़ना। हमें लगा भाजपा देश में नफरत फैला रही है। हिंसा फैला रही है। एक जाति को दूसरी से और एक धर्म के लोगों को दूसरे धर्म के लोगों से लड़ा रही है। इसलिए हमने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की।
ये नफरत और हिंसा क्यों फैलाते हैं और इनको क्या फायदा होता है। मैं आज ये समझाने आया हूं। जब दो जेबकतरे किसी की जेब काटना चाहते हैं तो क्या करते हैं? ध्यान हटाने का काम करते हैं। एक आता है, आपसे बात करता है और पीछे से दूसरा आता है, आपकी जेब काटकर ले जाता है। हिन्दुस्तान में सबसे बड़ा मुद्दा कौनसा है? बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई। कभी टीवी पर आपने बेरोजगार युवा को देखा है, नहीं देखा होगा।
भाजपा नेताओं के बच्चे इंग्लिश मीडियम में पढ़ते हैं, आपको मना करते हैं
राहुल गांधी ने इन सभाओं में कहा-अमित शाह, राजनाथ सिंह जैसे भाजपा नेताओं के बच्चे अच्छे इंग्लिश स्कूलों में पढ़ते हैं। वहीं, वे आदिवासी बच्चों को नहीं पढ़ना देना चाहते। मैं चाहता हूं कि आदिवासी युवा अगर पायलट बनना चाहता है, अमेरिका जाना चाहता है, उसका हक बनता है। आप असली मालिक हो इस जमीन के, हक बनता है।
कांग्रेस पार्टी ट्राइबल बिल, मनरेगा लाई आपको अधिकार देने के लिए। बीजेपी ने जमीन अधिग्रहण बिल रद्द कर दिया और आप पर पेशाब करके कहते हैं आप आदिवासी हो। पहले नरेन्द्र मोदी हर भाषण में कहता था कि आप वनवासी हो। जैसे ही मैंने ये बात बोली कि वनवासी और आदिवासी में फर्क है और नरेन्द्र मोदी खबरदार आपने वनवासी शब्द का प्रयोग बंद कर दिया। जब तक कांग्रेस पार्टी है आपको सारे अधिकार दिलवाएं जाएंगे।
गरीब-आदिवासियों को अधिकार देने के लिए जातिगत जनगणना जरूरी
राहुल ने यहां भी जातिगत जनगणना की मांग उठाते हुए कहा-इन लोगों को अधिकार और भागीदारी देने के लिए मैंने पार्लियामेंट में बात की। इनको ये अधिकार देना जरूरी और हिन्दुस्तान का धन कितना आदिवासियों और दलितों के पास है, ये पता लगाना पड़ेगा। इसके बिना भागीदारी की बात करना बिल्कुल खोखला है। मैंने पार्लियामेंट में कहा कि पहला कदम देश का एक्स-रे करना है। देश में आदिवासियों-दलितों का दर्द दूर करने के लिए जाति जनगणना जरूरी है। मैंने पार्लियामेंट में नरेन्द्र मोदी जी को बोला कि यूपीए के समय हमने ये आंकड़े निकाले थे आप जारी करो। जिस दिन मैंने ये बात की, उस दिन से उनके भाषण बदल गए।
पहले कहते थे मैं ओबीसी हूं, अब कहते हैं कि हिन्दुस्तान में केवल एक ही जात है, वो है गरीब। हालांकि, उन्होंने दूसरी बात नहीं कही कि एक जात अगर एक जात है गरीब है तो दूसरी जात अरबपतियों की है। अडाणी-अम्बानी की अलग जात है।
देश को 90 अफसर चला रहे हैं
देश में किसको कितना पैसा मिलेगा ये केवल देश के 90 अफसर तय करते हैं। इनमें से केवल 3 अफसर पिछड़े वर्ग से आते हैं। अगर हिन्दुस्तान की सरकार 100 रुपए खर्च करती है तो ये तीन अफसर केवल 10 पैसे पर निर्णय लेते हैं।
नरेन्द्र मोदी की स्कीम की बात करता हूं फसल बीमा योजना। इस योजना का पैसा आता है जीएसटी से। आदिवासी-पिछड़े या सामान्य वर्ग के लोग एक लीटर पेट्रोल खरीदते हैं तो जीएसटी देते हैं और अडाणी भी उतनी ही जीएसटी दे रहा है, जितनी आप देते हो।
वो अरबपति है, लेकिन जीएसटी एक ही है। जीएसटी में जो पैसा आता है उसमें 50 प्रतिशत पिछड़ों का, करीब 15 प्रतिशत दलितों और करीब 12 प्रतिशत आदिवासियों का। फसल बीमा योजना में 35 हजार करोड़ लगता है।
इसमें 20 हजार करोड़ दिल्ली सरकार देती है, 10 हजार करोड़ स्टेट की सरकार देती है जीएसटी से और 5 हजार करोड़ किसान देता है। अब नरेन्द्र मोदी की सरकार ये पूरा 35 हजार करोड़ 16 कम्पनियों को दे देती है। इनमें एक दलित या आदिवासी नहीं है।
कम्पनियां किसानों को पैसे देने से मना कर देती हैं
राहुल गांधी बोले-जब किसानों को नुकसान होता है तो ये 16 कम्पनियां पैसा नहीं देती हैं। जबकि पैसा किसानों का ही है। कभी आपने किसी किसान या मजदूर को टीवी पर देखा है, नहीं दिखेगा। शाहरुख, ऐश्वर्या या क्रिकेट मैच दिख जाएगा, लेकिन किसान नहीं दिखेगा।
उधर उत्तराखंड में मजदूर फंसे हुए हैं जमीन के नीचे, लेकिन टीवी पर केवल क्रिकेट दिख रहा है, थोड़ा उन मजदूरों को भी दिखा दो। मीडिया में नरेन्द्र मोदी का 24 घंटे चेहरा आता है, क्योंकि मोदीजी अडाणी-अम्बानी का काम करते हैं। ये अच्छा सौदा है, अडाणी-अम्बानी इनका चेहरा दिखाते हैं, ये सारा जीएसटी का पैसा उधर भेजते हैं।
जो जेबकतरा करता है, वो ये लोग कर रहे हैं
इतना पैसा जा रहा है आपकी जेब से, आपको भी पता नहीं लग रहा। कितना पैसा अडाणी की जेब में जा रहा है, आप सोच नहीं सकते। आपको दर्द हो रहा है, आप बेरोजगार हो रहे हैं, लेकिन आप समझ नहीं पा रहे हो।
ये सारा पैसा अडाणी की जेब में जा रहा है। नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 15 लाख रुपए आपकी जेब में आएगा, लेकिन नहीं आया। नरेन्द्र मोदी ने कोविड में सब को नचाया, थाली बजवाई। इन्होंने कोरोना को फैलाया। मतलब ये एक ड्रामा है।
आपका ध्यान कभी इधर जाएगा कभी उधर। जेबकतरा जो करता है, वहीं आपके साथ हो रहा है। नरेन्द्र मोदी का काम आपका ध्यान इधर-उधर करने का है, पीछे से अडाणी जेब काट लेता है।
अडाणी मजदूरी करेगा तो बेहोश हो जाएगा
राजस्थान की किसी स्कीम में अडाणी को एक पैसा नहीं मिल रहा है। अगर वो मजदूरी करेगा तो उसे मनरेगा में पैसा मिलेगा, मजदूरी वो करने वाला नहीं है। मजदूरी करेगा तो वो बेहोश हो जाएगा, जमीन में लेट जाएगा, उसे पानी पिलाना पड़ेगा। कांग्रेस की सारी स्कीम गरीब-पिछड़ों के लिए है। भाजपा की सारी स्कीम अडाणी वाली स्कीम है।
मोदी की गारंटी मतलब अडाणी की गारंटी
मोदी की गारंटी है कि आपका ध्यान भटका दूंगा। पीछे से अडाणी जेब काट लेगा। ये पूरा देश जानता है। हमारी राजस्थान में 7 गारंटी हैं। सबसे पहले महिलाओं को हर साल 10 हजार रुपए मिलेंगे। इसमें से एक रुपया अडाणी को नहीं जाएगा। सिलेंडर यहां 400 रुपए का हो जाएगा, एक रुपया अडाणी को नहीं। चिरंजीवी योजना में चुनाव के बाद 50 लाख तक का इलाज हो जाएगा।
राजस्थान में सभी के लिए इंग्लिश मीडियम स्कूल
राजस्थान में हर बच्चे के लिए फ्री इंग्लिश मीडियम स्कूल खुल रहे हैं। यहां अंग्रेजी स्कूलों का जाल फैला दिया। भाजपा कहती है कि हिन्दी सीखो, अंग्रेजी नहीं। हम कहते हैं हिन्दी और अंग्रेजी दोनों सीखो। हिन्दी में राजस्थान में बात करो। अगर कोई विदेशी राजस्थान आता है तो उससे अंग्रेजी में बात करो। हमें दो हिन्दुस्तान नहीं चाहिए। यहां फ्री में गवर्नमेंट कॉलेज में लेपटॉप मिलेंगे। नरेन्द्र मोदी जी ने सरकारी कर्मचारियों का ओपीएस बंद कर दिया। हमने फिर से लागू कर दिया। उसमें एक रुपया अडाणी को नहीं जाता।
अग्निवीर योजना अडानी के लिए लाई गई
अडाणी को जितने हथियार बेचने हों, वो सही है। पूरा का पूरा डिफेंस सेक्टर अडाणी के हाथ में, वो सही है। लेकिन जो दलित-पिछड़े युवा देश की रक्षा करना चाहते हैं, वो नहीं है। नरेन्द्र मोदी जी अग्निवीर का फायदा बताते हैं, क्या फायदा है। इसमें तो सिर्फ नुकसान है। हर स्कीम में वो अरबपतियों की मदद करते हैं।
हम हर स्कीम में गरीबों की, किसानों की मदद करते हैं। हमने जो भी किया है वो अगर भाजपा की सरकार आई तो सब गायब हो जाएगा और सारा फायदा केवल दो-तीन लोगों को जाएगा। इसलिए गरीब-आदिवासियों, पिछड़े और छोटे दुकानदारों की सरकार बनाइए।
जातिगत जनगणना की बात करते ही कहते हैं कोई जात नहीं
राहुल गांधी ने इसी क्रम में कहा-पहले मोदी जी जहां भी जाते थे, भाषण में कहते थे मैं ओबीसी हूं। मैंने पार्लियामेंट में जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाया। मैंने पीएम से कहा- अगर आप पिछड़ी जाति से हैं तो आप पिछड़ों के लिए कुछ कर दीजिए। जिस दिन मैंने जातिगत जनगणना की बात की, उस दिन से मोदी ने कहना शुरू कर दिया देश में कोई जात ही नहीं है।
भाजपा नफरत क्यों फैलाती है?
राहुल बोले- भाजपा नफरत क्यों फैलाना चाहती है? इसका कारण है बेरोजगारी और महंगाई से ध्यान हटाना है। भाजपा और आरएसएस चाहते हैं कि दलित-गरीबों को धन न मिल जाए। ये चाहते हैं कि पूरा का पूरा धन अरबपतियों के हाथ में रहे। आदिवासी-पिछड़े लोग इसके बारे में सवाल न उठाएं। हम आपको आदिवासी कहते हैं और वो आपको वनवासी कहते हैं।
आदिवासी वो लोग हैं जो इस भारत माता के पहले मालिक थे। जबकि वनवासी का मतलब वो लोग जो जंगल में रहते हैं। वनवासी के कोई अधिकार नहीं हैं। ये लोग तो जानवर जैसे होते हैं, क्योंकि इनका किसी पर कोई अधिकारी नहीं होता। भाजपा के नेता को कभी आपने किसी जानवर पर पेशाब करते देखा है, नहीं देखा होगा। लेकिन आपने मध्य प्रदेश में भाजपा के विधायक को एक आदिवासी पर पेशाब करते देखा होगा। ये इनकी सोच है।
प्रधानमंत्री से माफी मांगे राहुल गांधी
भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री से माफी मांगने को कहा है। प्रसाद ने कहा- आपको क्या हो गया है, राहुल गांधी? आप देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें प्रेरित किया। जीतना या हारना खेल का हिस्सा है। राहुल गांधी को माफी मांगने की जरूरत है। राहुल गांधी को अतीत से सीखने की सलाह देते हुए प्रसाद ने कहा- आपको अतीत से सीखने की जरूरत है। आपकी मां (सोनिया गांधी) ने नरेन्द्र मोदी के लिए ‘मौत का सौदागर’ शब्द का इस्तेमाल किया था और देखें कि अब कांग्रेस कहां है।
