एनसीआई@जयपुर/बारां/कोटा/करौली
राज्य में 25 नवम्बर को विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान के लिए जमकर प्रचार किया जा रहा है। सभी राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक धुआंधार रैली कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मंगलवार को यहां ताबड़तोड़ तीन जनसभाओं को सम्बोधित किया। पीएम मोदी ने सबसे पहले बारां के अंता में व इसके बाद कोटा के दशहरा मैदान में विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। अंत में वह करौली पहुंचे और वहां भी विशाल रैली को सम्बोधित किया। करौली में यह रैली चार जिलों की 10 विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित की गई थी।

इन जनसभाओं में पीएम मोदी ने महिला अत्याचार पर कांग्रेस नेताओं के बयानों को आधार बनाते हुए कहा-भाजपा की प्राथमिकता महिला सशक्तिकरण है, वहीं कांग्रेस की प्राथमिक महिलाओं का अपमान और अत्याचार है। यहां के मुख्यमंत्री कहते हैं कि राजस्थान की महिलाएं रेप के झूठे आरोप लगाती हैं। यह गम्भीर आरोप है। उन्होंने माताओं-बहनों के संस्कार पर कलंक लगाने की कोशिश की है।

मोदी ने कहा- मुख्यमंत्री के करीबी मंत्री कहते हैं कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है, इसलिए वो तो ऐसे प्रमाण पत्र दे रहे हैं, जैसे बहनों-बेटियों पर अत्याचार करना अत्याचारियों का अधिकार है। गहलोत जी ये आपके दरबारी लोग क्या बोल रहे हैं? आपकी क्या मजबूरी है? राजस्थान के मर्द तो वो हैं, जो बहन-बेटियों की इज्जत के लिए अपना सिर कटवाने के लिए मैदान में उतरते हैं।
मोदी ने कहा- कांग्रेस ने चम्बल रिवर फ्रंट में घोटाले किए हैं। लोगों पर दबाव बनाकर कांग्रेस ने जिस घंटी को जबरन खुलवाने की कोशिश की, उसने एक गरीब मजदूर और एक इंजीनियर का जीवन छीन लिया। गहलोत सरकार 25 नवम्बर को वोटिंग वाले दिन से पहले एक घंटा खुलवाने का दबाव डाल रही थी। राजस्थान में सरकार बनने पर भाजपा इस हादसे की जांच कराएगी।

उन्होंने कहा- राजस्थान में दंगे इसलिए नहीं रुकते, क्योंकि दंगों के आरोपी मुख्यमंत्री के आवास पर दावत करते हैं। ये अपराधियों को दावत दें, क्या वो कांग्रेस आपकी रक्षा कर सकती है?

मोदी के भाषणों की ये रहीं बड़ी बातें-
• शांति धारीवाल के वीडियो पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा-कांग्रेस के इस मंत्री (शांति धारीवाल) की एक और हरकत कल से पूरा राजस्थान और देश देख रहा है। कल एक माता और बहन को पैसों का लालच देकर उसका वोट खरीदने की कोशिश हो रही थी। मैं उस मां को, उस बहन को बहुत धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने न सिर्फ वो पैसे लौटाए, बल्कि कांग्रेस के इस दागी मंत्री और उसकी टोली को करारा जवाब भी दिया। इस तरह की हरकतें भी राजस्थान की बहन-बेटियों का बड़ा अपमान है। 25 नवम्बर को जब वोट देने जाएंगे तो याद रखिएगा कि आपका वोट ऐसे महिला विरोधी मंत्रियों को हराने का काम भी करेगा।

• भाया रे भाया खूब खाया, एक गांव तो पूरा ही खाया
मोदी ने आगे कहा-जब तक भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण नाम के देश के तीन दुश्मन हमारे बीच हैं, तब तक इस संकल्प का पूरा होना मुश्किल है। कांग्रेस इन तीन बुराइयों की सबसे बड़ी प्रतीक है। आजकल राजस्थान की लाल डायरी की सबसे अधिक चर्चा है। इस साल लाल डायरी के पन्ने जैसे-जैसे खुल रहे हैं, वैसे-वैसे जादूगर जी के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही हैं। लाल डायरी में साफ-साफ लिखा है कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में आपके जल, जंगल और जमीन को कैसे बेचा है।
सोरसेन गोडावण अभयारण्य में क्या हुआ, ये आप मुझसे ज्यादा जानते हैं। अवैध खनन के तार किससे जुड़े हैं, ये किसी से छिपा नहीं है। मैंने कहीं पढ़ा कि कांग्रेस के विधायक ने यहां के मंत्री के लिए कहा है- ‘भाया रे भाया खूब खाया। एक गांव तो पूरा ही खाया।’ कांग्रेस में मंत्री हों, विधायक हों, सब बेलगाम हैं।

• दंगों का आरोपी सीएम के सरकारी आवास में रेड कारपेट पर चलता है
पीएम बोले-राजस्थान में समाज विरोधी ताकतों के हौसले बुलंदी पर हैं। राजस्थान में इंसान का सरेआम गला काटा जा रहा है। इन दंगाइयों पर कड़ा एक्शन होना चाहिए था। ये जेल में होने चाहिए थे, लेकिन यहां छबड़ा दंगों का आरोपी सीएम के सरकारी आवास में रेड कारपेट पर चलता है।

दंगाइयों के साथ-साथ कांग्रेस के मंत्री, बहनों-बेटियों पर अत्याचार करने वालों के साथ भी मजबूती से खड़े रहते हैं। यहां राजस्थान में राम नवमी, हनुमान जयंती के जुलूस रोके जाते हैं, पावन त्योहारों पर कर्फ्यू लगाए जाते हैं। लेकिन, आतंकी संगठन पीएफआई की रैली पूरे बंदोबस्त से कराई जाती है।
• कांग्रेस के झूठ का सिलेंडर और भी महंगा है
मोदी ने कहा-महिला सुरक्षा और महिला कल्याण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। अपनी बहनों को धुएं से मुक्ति मिले, इसके लिए आपके इस भाई ने मुफ्त गैस कनेक्शन दिए हैं। इस रक्षा बंधन पर भी हमने उज्ज्वला गैस कनेक्शन पर बड़ी राहत दी थी। अब राजस्थान भाजपा ने गैस के सिलेंडर को और भी सस्ते में देने का ऐलान किया है। कांग्रेस गैस सिलेंडर को लेकर जो झूठ राजस्थान की बहनों-बेटियों से बोल रही है, उससे आपको ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस के झूठ का सिलेंडर और भी महंगा है।

• पेट्रोल-डीजल के दामों पर जनहित में फैसला लिया जाएगा
पीएम बोले-कांग्रेस की लुटेरी सरकार जनता से किस तरह खिलवाड करती है, ये भी राजस्थान के लोग भली-भांति जानते हैं। कांग्रेस ने यहां बिजली बिल कम करने को कहा था, लेकिन अब गहलोत सरकार हजारों भाई-बहनों को बिजली के बिल की रिकवरी के नोटिस भेज रही है। यही कांग्रेस का दोगलापन, फरेब और झूठ का गुब्बारा है।
कांग्रेस की नीतियों के कारण आज राजस्थान उन राज्यों में से एक है, जहां बेरोजगारी और महंगाई सबसे अधिक है। राजस्थान में भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टेक्स कम किया था, लेकिन यहां भी कांग्रेस सरकार ने टेक्स वापस बढ़ाकर लोगों की जेब काट ली है।
आज आपके पड़ोसी मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में भाजपा सरकार है, पेट्रोल सस्ता है। लेकिन, राजस्थान में प्रति लीटर करीब 12 रुपए ज्यादा ये राजस्थान सरकार लूट रही है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि 3 दिसम्बर के बाद भाजपा सरकार बनते ही यहां पेट्रोल-डीजल के दामों पर जनहित में समीक्षा की जाएगी। जनहित में फैसला लिया जाएगा।

• एक-एक लॉकर खुलेगा और लॉकर वाला लॉक में होगा
पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस के पेपर लीक माफिया ने गरीबों के सपनों को भी चकनाचूर कर दिया है। पेपर लीक माफिया ने एक-एक पेपर लाखों में बेचा है। यहां के कर्मचारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से भी कांग्रेस के नेताओं ने तिजोरियां भरी हैं। इससे जो काली कमाई की है, जो काला धन इकट्ठा किया है, वो जयपुर में लॉकरों से बाहर निकल रहा है।
आजकल कांग्रेस वाले एक-दूसरे से मिलते हैं न, वो कहते हैं- यार छोड़ो चुनाव, ये देखो कहीं लॉकर का पता न चल जाए। उनको अब न राजस्थान की चिंता है, न खुद के चुनाव की चिंता है, कैसे भी लॉकर बचाना है। मोदी ने तय किया है एक-एक लॉकर खुलेगा और लॉकर वाला लॉक में होगा। नोटों के ढेर और सोने की ईंटें।
आपको याद होना चाहिए ये सोना आलू से बना हुआ नहीं है। यही काला सोना अब जादूगर जी को सोने नहीं दे रहा है। अभी तो यह शुरुआत है, ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है। 3 दिसम्बर को भाजपा सरकार बनने के बाद यह जांच और तेज होने वाली है। राजस्थान को लूटने वाला कोई भ्रष्टाचारी बच नहीं सकता है।
• आदिवासियों के लिए खोल दिया खजाना
मोदी ने कहा-सहरिया समाज सहित सभी आदिवासी भाई-बहनों के लिए मोदी ने सरकार का खजाना खोल दिया है। 15 नवम्बर को पीएम जन मन महायोजना शुरू की है। इस योजना पर केन्द्र की भाजपा सरकार 24 हजार करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। आदिवासी समाज में सिकल सेल एनीमिया की बीमारी दूर करने के लिए भी राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है।
आदिवासी बच्चों के लिए भाजपा की केन्द्र सरकार ने 30 से ज्यादा एकलव्य स्कूल खोले हैं। किसान कल्याण भाजपा की प्राथमिकताओं में से एक है। झालावाड़ के संतरे पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। बारां के लहसुन का तड़का देश-विदेश तक पहुंचे, हम इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। राजस्थान भाजपा ने यह भी तय किया है कि सरकार बनने के बाद पीएम सम्मान किसान निधि की राशि भी 12 हजार की जाएगी।
• जादूगर कितना भी काला जादू कर ले, कांग्रेस हो जाएगी छूमंतर
पीएम बोले-राजस्थान में कांग्रेस सरकार का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। यहां जादूगर दुनियाभर के जादू कर ले, काला जादू कर ले, जो भी कमाल करना है कर ले, लेकिन राजस्थान की जनता के जादू के सामने इस जादूगर की कोई ताकत नहीं चल सकती। जादूगर के देखते-देखते ही तीन दिसंबर को कांग्रेस छूमंतर हो जाएगी।
• बच्चे कह रहे हैं- गहलोत जी कोनी मिले वोट जी
मोदी ने कहा-कांग्रेस की जनता ने राजस्थान को लुटेरों, दंगाइयों, अत्याचारियों, अपराधियों के हवाले कर दिया है। मैं इस चुनाव का प्रभाव बच्चों के मन पर देख रहा हूं। मुझे कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर बच्चों के वीडियो भेजे हैं। वीडियो में ये बच्चे कह रहे हैं- गहलोत जी कोनी मिले वोट जी। ये साफ बता रहा है कि बच्चे भी अपना भविष्य कांग्रेस के हाथ में सुरक्षित नहीं देख रहे हैं।
• तुष्टिकरण की गुलाम कांग्रेस सरकार आतंक परस्तों से डरती है
पीएम मोदी बोले-यहां हम लोग बड़े गौरव के साथ कहते हैं दाल, बाटी, चूरमा, हाड़ौती के सूरमा, लेकिन सूरमाओं की इस धरा को कांग्रेस ने दंगाइयों का खुला मैदान बना दिया है। पीएफआई एक आतंकी संगठन है, भारत सरकार ने इस पर बैन लगा रखा है, लेकिन कोटा में पीएफआई की रैली निकलती है, जुलूस निकलता है। कांग्रेस सरकार सोई पड़ी है। तुष्टिकरण की गुलाम कांग्रेस सरकार आतंक परस्तों से डरती है और राजस्थान का भला चाहने वालों पर कार्रवाई करती है।
• कांग्रेस के पंजे से सावधान करने आया हूं
करौली में अपने सम्बोधन में मोदी ने कहा- कराैली के लोगों को सावधान करने आया हूं, राजस्थान के लोगों को कांग्रेस के पंजे से सावधान करने के लिए आया हूं। वैसे कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि दिल्ली से एक रुपए निकलते हैं तो गांव में जाते-जाते 15 पैसे हो जाते हैं। और ये तब कहा था जब पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस का ही राज था। वो कौनसा पंजा था जो रुपए के 15 पैसे कर देता था। कांग्रेस के इस पंजे को राजस्थान ने त्रस्त कर दिया है। कांग्रेस के जादूगर अब कुछ ही दिन के लिए कांग्रेस की कुर्सी पर है।
