मणिशंकर अय्यर की बेटी ने राम मंदिर के विरोध में 3 दिन का रखा था व्रत, सोसाइटी ने थमाया नोटिस, कहा- माफी मांगें या फिर खाली करें घर
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर की बेटी सुरन्या अय्यर ने राम मंदिर निर्माण के विरोध में तीन दिन का व्रत रखा और सनातन के खिलाफ अपशब्द सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। अब इस मामले को लेकर सोसाइटी ने सुरन्या अय्यर और मणिशंकर अय्यर को पत्र लिखा है कि या तो वह सार्वजनिक रूप से अपने बयान के लिए माफी मांगें, नहीं तो सोसाइटी छोड़ कर जाएं। सुरन्या अय्यर दिल्ली के जंगपुरा इलाके में रहती हैं।
उधर, इस मामले को लेकर सुरन्या अय्यर ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सफाई दी है। कांग्रेस नेता की बेटी सुरन्या अय्यर ने फेसबुक पर लिखा, सम्बन्धित रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) जिस कॉलोनी से है, वहां मैं रहती ही नहीं हूं। दूसरी बात यह कि मैंने फिलहाल मीडिया से बात न करने का फैसला किया है,
क्योंकि अभी भारत में मीडिया केवल जहर और भ्रम फैला रहा है।
उन्होंने आगे लिखा-आप मुझे जानते हैं। मैंने भारत में अब तक अपनी सारी ज़िंदगी, लगभग 50 वर्ष, के दौरान सभी राजनीतिक दृष्टिकोण के लोगों के साथ बड़ी हुई हूं, पढ़ी हूं, काम किया है और एक्टिविज़म किया है। फिलहाल मैं अपनी बातें अपने फेसबुक और यू-ट्यूब पेजों पर ही रखूंगी, ताकि आप स्वयं, शांति से इसके बारे में सोच सकें। मैं मीडिया सर्कस से बचने की कोशिश कर रही हूं क्योंकि मेरा मानना है कि भारत में हमें एक बेहतर प्रकार के सार्वजनिक संवाद की आवश्यकता है। हम गाली- गलौच के बजाय, कुछ सोचने का प्रयास करें। जय हिन्द!”
