April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

मशहूर सिंगर अनुराधा पौडवाल की भी सियासी पारी का आगाज, जानिए किस बड़ी पार्टी में हुईं शामिल

मशहूर सिंगर अनुराधा पौडवाल की भी सियासी पारी का आगाज, जानिए किस बड़ी पार्टी में हुईं शामिल

अनुराधा पौडवाल ऐसे समय में बीजेपी में शामिल हुई हैं, जब देश में जल्द ही लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव आयोग आज ही लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करने वाला है।

एनसीआई@नई दिल्ली

मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं। वह दोपहर में बीजेपी के रा‍ष्ट्रीय मुख्यालय पहुंचीं और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अनुराधा पौडवाल ऐसे वक्त बीजेपी में शामिल हुई हैं, जब देश में जल्द ही लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव आयोग आज ही लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करने वाला है।

बीजेपी ज्वॉइन करने के बाद अनुराधा पौडवाल ने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि मैं आज उन लोगों को ज्वॉइन कर रही हूं, जिनका सनातन से गहरा नाता है। मैंने फिल्म इंडस्ट्री में डिवोशनल गाने भी गाए हैं।‌ जिस वक्त रामलला की स्थापना हुई, वहां मुझे गाने का मौका मिला, यह मेरा सौभाग्य है।

अनुराधा पौडवाल लोकप्रिय गायिका हैं। उनका जन्म 27 अक्टूबर, 1952 को कर्नाटक में एक कोंकणी परिवार में ‘अलका नादकर्णी’ के रूप में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1973 में शुरू का थी। पहली बार उन्होंने फिल्म अभिमान में एक श्लोक (एक संस्कृत श्लोक) गाया था।‌ साल 1973 में उन्होंने फिल्म यशोदा से मराठी सिनेमा इंडस्ट्री में भी डेब्यू किया। इसके एक साल बाद उन्होंने गैर-फिल्मी मराठी गीतों का एक रिकॉर्ड जारी किया, जिसे अक्सर ‘भाव गीतेन’ के नाम से जाना जाता है, जो बेहद लोकप्रिय हुआ।

अनुराधा पौडवाल को वर्ष 1984 में ‘हीरो’ फिल्म में गाए गानों के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया था। वर्ष 1985 में उन्होंने फिल्म ‘उत्सव’ के लिए ‘मेरा मन बाजा मृदंग’ गाया। गायिका अनुराधा पौडवाल को 1986 में ‘उत्सव’ फिल्म के गाने ‘मेरा मन बाजा मृदंग’ के लिए फीमेल प्लेबैक सिंगिंग का पहला फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।

1500 भजन गा चुकी हैं अनुराधा

अनुराधा पौडवाल ने हिंदी, कन्नड़, राजस्थानी, पहाड़ी, मराठी, संस्कृत, बंगाली, गुजराती, तमिल, तेलुगु, उड़िया, असमिया, पंजाबी, भोजपुरी, नेपाली और मैथिली सहित कई भाषाओं में गाने गाए हैं। उन्होंने हिंदी में 8,996 और मराठी सहित अन्य भाषाओं में कुछ गाने गाए हैं। अनुराधा पौडवाल भक्ति गीत (भजन) गाने के लिए भी मशहूर हैं।
उन्होंने हिंदी सहित कई भाषाओं में लगभग 1500 भजन गाए हैं। उनके मशहूर एल्बम्स में सरस्वती चालीसा, आजा मां, महामृत्युंज्य मंत्र जप माला, दुर्गा अमृतवाणी, जय काली काली काली महाकाली अमृतवाणी, गायत्री मंत्र, दुर्गा सप्तशती, नवदुर्गा वंदना, जय त्रिवेणी संगम हर हर और महाकाली चालीसा शामिल हैं। उनके ज्यादातर भजन टी-सीरीज लेबल पर जारी किए गए।

राम मंदिर का दर्शन करने पहुंची थीं अयोध्या

अनुराधा पौडवाल सोमवार को राम मंदिर का दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचीं थीं। इस मौके पर उन्होंने कहा था कि पिछली बार प्रभु राम का गीत ‘रघुपति राघव’ गाया था तो यही प्रार्थना की थी कि जल्द राम मंदिर का निर्माण जल्द हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.