April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा से अपहृत छात्रा का नहीं लगा सुराग, पिता को भेजी थी हाथ-पैर और मुंह बंधी फोटो, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने सीएम भजनलाल से की बात

एनसीआई@कोटा

यहां रहकर नीट की तैयारी कर रही मध्य प्रदेश के शिवपुरी के बैराड़ गांव की छात्रा का मंगलवार को भी सुराग नहीं लगा। उसका सोमवार को अपहरण कर लिए जाने की बात सामने आई है। आरोपियों ने लड़की के पिता के वॉट्सएप नम्बर पर यह जानकारी दी थी। साथ ही उस पर लड़की की फोटो भी भेजी। इनमें उसके हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए दिख रहे हैं। उसके मुंह पर खून भी निकल रहा है। छात्रा को छोड़ने की एवज में आरोपियों ने 30 लाख रुपए की मांग की है।

इस मसले पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से फोन पर बात की है। उन्होंने जल्द से जल्द जांच कर बच्ची को सुरक्षित घर पहुंचाने की अपील की है। पीड़ित बच्ची के पिता से भी मंत्री सिंधिया ने फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि ‘बेटी को वापस लाना अब मेरी जिम्मेदारी है। वह आपकी बेटी नहीं, मेरी भी बेटी है।’

इधर, कोटा पुलिस ने अपहृत छात्रा काव्य धाकड़ (20) की सूचना देने वाले को 20 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस मंगलवार सुबह करीब सवा दस बजे पिता को उस कोचिंग इंस्टीट्यूट में लेकर गई, जहां उसका एडमिशन होने की बात कही गई थी। मगर कोचिंग इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने अपने यहां उस छात्रा के रजिस्ट्रेशन की बात से इनकार किया है।

बेटी के चेहरे पर खून नजर आया

अपहृत छात्रा के पिता रघुवीर धाकड़ ने इस मामले की सोमवार को ही विज्ञान नगर थाने में रिपोर्ट दे दी थी। रघुवीर बैराड़ में लार्ड लखेश्वर स्कूल के संचालक हैं। रिपोर्ट में उन्होंने पुलिस को बताया कि, मेरी बेटी काव्या धाकड़ (20) का अपहरण कर लिया गया है। सोमवार अपराह्न 3 बजे मेरे एक नम्बर से मेरे वॉट्सएप पर बेटी की किडनैपिंग का मैसेज आया था। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर और मुंह बंधा हुआ फोटो भी भेजा था। कुछ फोटुओं में बेटी के चेहरे पर खून भी नजर आ रहा है।

रघुवीर ने रिपोर्ट में आगे बताया है कि, फोटो भेजने वाले ने मैसेज में लिखा था- रघुवीर की बेटी को किडनैप कर लिया गया है।उसे जिंदा छोड़ने के एवज में 30 लख रुपए की फिरौती मांगी गई है। मैसेज भेजने वाले ने अपने बैंक खाते की डिटेल भी भेजी है। सोमवार शाम तक रुपए जमा करने को कहा था। मैंने इतने रुपए नहीं होने और बंदोबस्त करने के लिए समय मांगा। इसके बाद मैसेज भेजने वाले ने बेटी को जान से मारने की धमकी दी। मैंने फौरन कोटा पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस को फोटो और मैसेज भेजकर मैं खुद शिवपुरी से कोटा के लिए रवाना हो गया। सोमवार रात को मैं कोटा पहुंच गया था।

पिछले साल सितम्बर में आई थी कोटा

रघुवीर ने रिपोर्ट में बताया कि, बेटी को सितम्बर 2023 में नीट की तैयारी के लिए कोटा छोड़कर गए थे। विज्ञान नगर इलाके में स्थित एक कोचिंग संस्थान में उसका एडमिशन करवाया था। इसी इलाके में उसे रूम भी दिलवाया था। आखिरी बार बेटी दीपावली पर घर आई थी। उससे रोज फोन पर बात होती थी। रविवार रात को भी बेटी की उसकी मां से बात हुई थी। तब उसने एग्जाम देकर आने की बात कही थी।

कोचिंग संस्थान ने कहा- नहीं था रजिस्ट्रेशन

पीडब्ल्यू कोचिंग के कोटा हेड दिनेश जैन ने बताया- लड़की के नाम (काव्या धाकड़) से कोचिंग इंस्टीट्यूट में कोई रजिस्ट्रेशन नहीं है। उधर, लड़की के पिता रघुवीर ने कहा कि काव्या का एडमिशन उन्होंने ही कोचिंग इंस्टीट्यूट में कराया था। अब कोचिंग इंस्टीट्यूट इससे इनकार कर रहा है। काव्या टेस्ट देने गई थी। टेस्ट के लिए के लिए कोचिंग इंस्टीट्यूट से मैसेज आया था। मगर कोचिंग प्रबंधन ने कहा कि उनके यहां से ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा गया था। कोचिंग संस्थान प्राइवेट नम्बरों से मैसेज नहीं भेजता है। ऐसे में इस घटना पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। दूसरी ओर, हॉस्टल संचालक पारस कुमार ने भी काव्या के अपने यहां रुकने की बात से इनकार किया है। उन्होंने साफ कहा कि काव्या नाम की लड़की कभी हॉस्टल आई ही नहीं।

मैसेज भेजने वाले तक पहुंची पुलिस

इधर, इस मामले में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। कोटा शहर एसपी अमृता दुहन ने बताया कि पुलिस टीमों का गठन कर मामले की जांच में लगा दिया गया। सोमवार देर रात घरवाले कोटा पहुंचे। सूत्रों के अनुसार जयपुर के सिंधी केम्प से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे जानकारी जुटा रही है।

इंदौर में धमकी मिलने से कोटा किया था शिफ्ट

छात्रा के पिता रघुवीर धाकड़ ने बताया कि दो साल पहले बेटी इंदौर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। वहां जरियाखेड़ा गांव का रहने वाला रिंकू धाकड़ बेटी को परेशान करता था ।इसकी शिकायत इंदौर पुलिस में दर्ज कराई थी। इसके बाद बेटी के नम्बर पर अनुराग सोनी और हर्षित नाम के लड़कों ने धमकी दी थी। इस पर काव्या को इंदौर से वापस शिवपुरी बुला लिया था। इसके छह महीने बाद सितम्बर 2023 में नीट की तैयारी के लिए उसे कोटा भेज दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.