राजस्थान: वैन-ट्रॉले की भीषण टक्कर, 9 युवकों की मौत, दोस्त की बारात में गए थे मध्यप्रदेश, लौटते वक्त हुआ हादसा
एनसीआई@झालावाड़
राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक ट्रॉले और वैन की भिड़ंत में 9 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। इस वैन में 10 लोग सवार थे। ये मध्य प्रदेश के डूंगरी (खिलचीपुर) से दोस्त के शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है। इसके लिए ट्रॉला ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।
हादसा जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के 3 बजे भोपाल मार्ग पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वैन में फंसे घायलों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक घायल का इलाज किया जा रहा है।

यह हादसा इतना भीषण था कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया। पुलिस बड़ी मुश्किल से शवों को गाड़ी से निकाल सकी।
वैन में दस लोग थे सवार
अकलेरा कस्बे में एक घर में विवाह समारोह था। बारात शुक्रवार को मध्य प्रदेश के खिलचीपुर क्षेत्र में गई थी। बारातियों में से देर रात 10 दोस्त मारुति वैन से वापस अकलेरा लौट रहे थे। इस दौरान एनएच-52 पर खुरी पचोला (अकलेरा) के पास मारुति वैन और एक ट्रॉले की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
यह हादसा इतना भीषण था कि मृतकों की पहचान भी मुश्किल से हो सकी। वहीं, ट्रॉला ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
हादसे में इनकी गई जान
इस हादसे में अशोक कुमार (24) पुत्र घनश्याम बागरी, रोहित (16) पुत्र नंदकिशोर बागरी, हेमराज (33) पुत्र बंशीलाल बागरी, सोनू (22) पुत्र मोहनलाल बागरी, दीपक (24) पुत्र जयलाल बागरी, रविशंकर (25) पुत्र प्रेमचंद बागरी, रोहित (22) जगदीश बागरी और हरनावदा शाहजी (बारां) निवासी रामकृष्ण (20) पुत्र प्रेमचंद, सारौला (खानपुर, झालवाड़) निवासी राहुल पुत्र प्रेमचंद की मौत हो गई। मृतकों में से 7 लोग अकलेरा कस्बे के निवासी थे।
