देश की राजधानी में बड़ा गड़बड़झाला: सड़े हुए चावल, सड़ा नारियल, लकड़ी का बुरादा और एसिड से बनाते थे मसाले, 15 टन नकली माल जब्त, 3 आरोपी दबोचे
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करावल नगर से 15 टन मिलावटी मसाले और कच्चा माल बरामद किया है। आरोपी खारी बावली, सदर बाजार व लोनी के अलावा पूरे एनसीआर और अन्य राज्यों में मिलावटी मसालों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस की सूचना पर फूड सेफ्टी विभाग ने मसालों के सेम्पल लिए हैं।
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करावल नगर में दो ऐसी फेक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है, जहां सड़े हुए चावल, लकड़ी के बुरादे और केमिकल से मिलावटी मसाले तैयार किए जा रहे थे। ये दोनों ही फेक्ट्रियां दिल्ली के करावल नगर में हैं। इस घटना में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने करावल नगर से 15 टन मिलावटी मसाले और कच्चा माल बरामद किया है। आरोपी खारी बावली, सदर बाजार, लोनी के अलावा पूरे एनसीआर और अन्य राज्यों में मिलावटी मसालों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस की सूचना पर फूड सेफ्टी विभाग ने मसालों के सेम्पल लिए हैं।
आरोपियों की पहचान करावल नगर के ही दिलीप सिंह उर्फ बंटी (46), मुस्तफाबाद के सरफराज (32) और लोनी के खुर्शीद मलिक (42) के तौर पर हुई है।
ऐसे हुआ भंड़ाफोड़
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को खबर मिली थी कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में कई मेन्युफेक्चरर और दुकानदार अलग-अलग ब्रांड के नाम से मिलावटी मसाले तैयार कर इन्हें दिल्ली-एनसीआर में बेच रहे हैं। इसके बाद इस रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए क्राइम ब्रांच की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया। इसके बाद करावल नगर में मिलावटी मसाले तैयार करने वाली दो फेक्ट्रियों पर छापेमारी की गई।
इस छापेमारी के दौरान एक फेक्ट्री में दिलीप सिंह और खुर्शीद मलिक नामक दो लोग मिले। ये लोग मिलावटी मसाले तैयार कर रहे थे। इन दोनों ने फरार होने की कोशिश की, लेकिन टीम ने इन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने जब फेक्ट्री के सामान की जांच की तो पता चला कि सड़ा हुए चावल, बाजरा, नारियल, जामुन, लकड़ी के बुरादे, केमिकल और कई पेड़ों की छाल से मसाले तैयार किए जा रहे थे। इन मसालों को 50-50 किलो के बड़े कट्टों में भरकर रखा जा रहा था और बाजारों में बेचा जा रहा था। टीम ने फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट को इसकी सूचना दी। उन्होंने मौके पर आकर निरीक्षण किया।
आरोपियों ने बताया कि खारी बावली और सदर बाजार से मिलावटी मसाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश और देश के अलग-अलग राज्यों में भेजे जा रहे थे।
पुलिस को छापेमारी में यह सामान मिला
करावल नगर की इन दोनों फेक्ट्रियों पर पुलिस की छापेमारी में कुल 15 टन मिलावटी मसाला और कच्चा माल बरामद हुआ है। इन्हें 50-50 किलो के कट्टों में भरकर रखा जा रहा था।
– 1050 किलो सड़ा हुआ चावल
– 200 किलो सड़ा हुआ बाजरा
– 6 किलो सड़े हुए नारियल
– 720 किलो खराब धनिया
– 550 किलो खराब हल्दी
– 70 किलो यूकलिप्टस के पत्ते
– 1450 किलो सड़े हुए जामुन
– 24 किलो साइट्रिक एसिड
– 400 किलो लकड़ी का बुरादा
– 2150 किलो पशुओं को खिलाने वाला चोकर
– 440 किलो खराब लाल मिर्च
– 150 किलो मिर्च के डंढल
– 5 किलो केमिकल वाले रंग
कहां-कहां बेचे जा रहे थे मिलावटी मसाले?
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ये मिलावटी मसाले दिल्ली के बड़े-बड़े बाजारों सहित पूरे एनसीआर में बेचे जा रहे थे। इनमें दिल्ली के सदर बाजार और खारी बावली जैसे लोकप्रिय बाजार भी शामिल हैं।
