April 30, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पति के साथ मिलकर की थी प्रेमी की हत्या, हाथ-पैर बांधकर तोलिये से गला घोंटा,आरोपी महिला गिरफ्तार, फरार पति की तलाश

पति के साथ मिलकर की थी प्रेमी की हत्या, हाथ-पैर बांधकर तोलिये से गला घोंटा,आरोपी महिला गिरफ्तार, फरार पति की तलाश

एनसीआई@बूंदी

शहर की जवाहर कॉलोनी में 3 दिन पहले बंद कमरे में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतक की प्रेमिका धापू बाई को झालावाड़ जिले के हरिपुरा स्थित उसके पीहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसने अपने पति के साथ मिलकर युवक की हत्या की थी। इसके बाद ये दोनों उसके हाथ-पैर बांधकर ज्वेलरी लूट फरार हो गए थे। इस मामले में एक और बड़ी बात यह सामने आई है कि वारदात के दौरान प्रेमिका की 10 वर्षीय बच्ची भी घटना स्थल पर मौजूद थी। पुलिस अब धापू बाई के पति की भी तलाश कर रही है।

एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि 3 मई को सुबह जवाहर कॉलोनी में एक कमरे में एक व्यक्ति का शव मिला था। इस मामले में हत्या के नजरिए से तहकीकात की तो पूरा मामला सामने आ गया। मृतक की प्रेमिका धापू बाई ने अपने पति प्रेम सिंह के साथ मिलकर मर्डर की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान उसकी 10 साल की बच्ची भी मौजूद थी।

इस कमरे में मिला था शव
इस कमरे में मिला था शव

पति चाहता था झगड़े की रकम देकर प्रेमी के साथ रहे महिला

एसपी मीणा ने बताया कि हत्या के पीछे दूसरी शादी के नाम पर दी जाने वाली झगडे़ की रकम की बात सामने आई है। दरअसल मृतक मोहनलाल (45) के धापू बाई (32) के साथ अवैध सम्बन्ध थे। इसकी जानकारी उसके पति प्रेमसिंह को हुई तो वह आए दिन‌ धापू बाई से झगड़ा करने लगा। वह चाहता था कि धापू मोहनलाल के साथ रहे और उसे झगडे़ की रकम दिलवा दे। ऐसा नहीं करे तो मोहनलाल से सम्बन्ध तोड़ ले। वहीं, मोहनलाल झगडे़ की रकम देने से मना करता रहा, क्योंकि वह पहले से शादीशुदा था।

फिर पत्नी के साथ मिलकर बनाई हत्या की साज़िश

1 मई को धापू बाई से उसके पति प्रेमसिंह ने मारपीट की और मोहनलाल की हत्या की योजना बनाई। पति के कहने पर धापू बाई पहले बूंदी की जवाहर कॉलोनी गई और मोहनलाल से मिली। वहां उन्होंने सम्बन्ध बनाए। कुछ देर बाद धापू बाई का पति भी वहां पहुंच गया। इन दोनों ने मिलकर मोहनलाल के हाथ-पैर बांधकर मुंह को दबा दिया। उसकी मौत हो जाने तक मारपीट की। वारदात के बाद पति-पत्नी दोनों मोहनलाल का मोबाइल, उसकी सोने की मुरकियां और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे।

यह था मामला

3 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि जवाहर कॉलोनी के एक कमरे पर ताला लगा हुआ है, मगर उसके दरवाजे के नीचे से खून बहकर बाहर आ रहा है। साथ ही कमरे से बदबू आ रही है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर कमरा खोला तो अंदर हाथ-पैर बंधे हुए एक व्यक्ति का शव मिला। उसके गले में तौलिये का फंदा लगाकर गांठ लगाई हुई थी।

एक साल से किराये पर रह रहा था मोहनलाल

मकान मालिक से जानकारी करने पर मृतक की पहचान मोहनलाल (45 ) पुत्र मांगीलाल राजपूत निवासी नीमखेड़ा, थाना घाटोली, जिला झालावाड़ के रूप में हुई। मकान मालिक ने बताया कि वह करीब एक साल से उनके मकान में कमरा किराये से लेकर रह रहा था। वह यहां कारीगरी का काम करता था। इस मामले में मृतक की पत्नी बादाम बाई और भतीजे भगवान सिंह ने शिकायत दी थी।

प्रेमिका पीहर से गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि मोहनलाल के पास 15-20 दिन में एक महिला आती थी, जो स्‍वयं को उसकी पत्‍नी धापू बाई होना बताती थी। जांच में सामने आया कि 1 मई क रात 9 बजे तक मोहनलाल के पास धापू बाई कमरे में साथ थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमिका को उसके पीहर हरिपुरा, झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस उसके पति प्रेम सिंह की तलाश कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए डीएसटी और कोतवाली पुलिस टीम झालावाड़ और मध्य प्रदेश गई है। आरोपी पति के साथ ही उसकी 10 वर्षीय बच्ची की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.