पूर्व एमएलए की पत्नी सहित 6 जनों के खिलाफ एफआईआर के आदेश, पत्नी का आरोप-ससुर पति से कहते थे कि मुझसे पूछकर राजनीति कर, उनकी सुसाइड नहीं मर्डर है
एनसीआई@भीलवाड़ा
जिले के मांडलगढ़ से कांग्रेस के दिवंगत पूर्व विधायक विवेक धाकड़ के परिवार की कलह काफी गर्मा गई है। यहां तक कि यह मामला अदालत और पुलिस थाने तक पहुंच गया है। मंगलवार को जिला कोर्ट ने एक आदेश जारी कर सुभाष नगर थाने को इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

धाकड़ के पिता पूर्व जिला प्रमुख कन्हैयालाल की ओर से अदालत में इस्तगासा दायर कर बहू पद्मिनी और 6 अन्य महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अपील की थी।
पोती और बहू के वीडियो जारी करने पर उठाया यह कदम

इससे पहले रविवार रात 11 बजे धाकड़ की बेटी ने अपनी मां पद्मिनी के साथ एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसमें उसने दादा और बुआओं पर मारपीट का आरोप लगाकर घर से निकालने की बात कहते हुए मदद की गुहार लगाई थी। इस वीडियो के सामने आने के बाद कन्हैयालाल ने सोमवार को कोर्ट की शरण ली थी। पद्मिनी का आरोप है कि ससुर घर में नहीं रहने देते, कहीं अन्यत्र रहती हूं तो पीछे गुंडे लगा देते हैं।
धाकड़ परिवार में कलह का यह है कारण
मांडलगढ़ से कांग्रेस के दिवंगत पूर्व विधायक विवेक धाकड़ 4 अप्रेल 2024 को भीलवाड़ा के सुभाष नगर स्थित आवास पर मृत मिले थे। धाकड़ की पत्नी पद्मिनी और बेटी अवनी हैं। इसके अलावा घर में उनके पिता पूर्व जिला प्रमुख कन्हैयालाल हैं।
विवेक धाकड़ की दो बहनें हैं। एक विदेश में पति के साथ सेटल है। दूसरी बहन अविवाहित है और पिता के साथ सुभाष नगर स्थित घर में ही रहती है। सुभाष नगर में धाकड़ परिवार के दो मकान हैं। एक में पूरा परिवार रहता है। जबकि दूसरा मकान इसके सामने है और खाली पड़ा है। विवेक धाकड़ की मौत के बाद से ही कन्हैयालाल, उनकी बेटियों और पद्मिनी का प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। पद्मिनी सरकारी टीचर हैं। बेटी 10 वीं की छात्रा है।

कन्हैयालाल ने बहू पर लगाए ये आरोप
पोती की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किए जाने के बाद कन्हैयालाल धाकड़ ने सोमवार को वकील तुषार डांगी के जरिए कोर्ट में इस्तगासा दायर किया। इसमें मृतक बेटे विवेक धाकड़ की पत्नी पद्मिनी के अलावा अनीता पत्नी चंद्रदेव आर्य, वंदना सिंह पत्नी राजेश सिंह (जम्मू), नर्मदा सिंह पत्नी श्रीराम राजपूत (ग्वालियर मध्य प्रदेश), कृष्णा देवी पत्नी सुरेश मेहता (महावीर नगर, कोटा), कावेरी पत्नी महेश चंद्र निवासी (हरिद्वार) के खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट पश्चिम से 306, 406, 506, 323, 120 की धाराओं में मामला दर्ज करने की अपील की थी।
इस्तगासा में कहा गया था-25 अप्रेल को एसपी राजन दुष्यंत से मिले और बहू की शिकायत करते हुए रिपोर्ट दी थी। 5 मई को भी सुभाष नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट पेश की थी, लेकिन पुलिस ने न मुकदमा दर्ज किया न ही किसी तरह की कोई कार्रवाई की, इसलिए कोर्ट की शरण ली।
इस्तगासा में कन्हैयालाल ने बहू पद्मिनी पर अपने बेटे को परेशान व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। यह भी लिखा था कि पद्मिनी ने ऐसे कई कारण पैदा किए, जिसके चलते विवेक के पास सुसाइड करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा। कई घरेलू कारणों का हवाला देते हुए बेटे के बाद बेटी को भी सुसाइड करने के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए। लिखा कि बेटे विवेक की मौत के बाद पद्मिनी ने परिवार को सड़ा-सड़ाकर मारने और सारी प्रॉपर्टी अपने नाम करने की बात कही थी।
इस पर मंगलवार को जिला एवं सेशन कोर्ट भीलवाड़ा की ओर से सुभाष नगर थाने को कन्हैयालाल धाकड़ की ओर से केस दर्ज करने के आदेश जारी किए गए हैं।

इधर, बहू ने लगाए ये आरोप
वहीं, विवेक धाकड़ की पत्नी पद्मिनी ने आरोप लगाए हैं कि ससुर उन्हें घर में नहीं रहने देते। मारपीट और गाली गलौज कर रविवार को मां-बेटी को घर से निकाल दिया। इस पर सोमवार देर शाम धाकड़ की पत्नी पद्मिनी और बेटी अवनी एसपी राजन दुष्यंत से मिलीं और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपने ससुर कन्हैयालाल पर गंभीर आरोप लगाए। कहा- ससुर पति के घर में नहीं रहने देना चाहते। मैं ससुराल जाती हूं तो गाली-गलौज की जाती है। मारपीट करके घर से बाहर निकाल देते हैं।
रविवार सुबह मैं और बेटी अवनी घर गए थे। तब भी हमारे साथ मारपीट की गई। इस पर मैंने सुभाष नगर थाना पुलिस को फोन करके बुलाया। पुलिस ने मुझे और मेरी ननद को थाने में बैठाया और दोनों पक्षों को समझाया। शाम को मैं घर लौटी तो रात में फिर गाली-गलौच और मारपीट की। इसके बाद मां-बेटी को घर से बाहर निकाल दिया।
रविवार देर रात बेटी अवनी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, ताकि जो लोग इस वीडियो को देखें वो कुछ मदद करें। मगर कोई खास मदद नहीं मिल पाई।
पुलिस ने यह कहा
इस मामले में जांच अधिकारी और सुभाष नगर थाना प्रभारी शिवराज ने बताया-परिवार के दोनों पक्षों के बीच रविवार को झगड़ा हुआ था। उन्हें थाने लाकर समझाया। दोनों पक्षों की ओर से इस सम्बन्ध में कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही कार्रवाई करेंगे।
