दवा-केमिकल फेक्ट्री में आग लगने से युवक जिंदा जला, 12 अन्य झुलसे, 50 कर्मचारी कर रहे थे काम
एनसीआई@भिवाड़ी
दवा और केमिकल बनाने वाली फेक्ट्री में मंगलवार शाम साढ़े छह बजे करीब धमाके के साथ भीषण आग लग गई। इसमें एक युवक जिंदा जल गया, वहीं 12 अन्य कर्मचारी झुलस गए। इनमें से एक की हालत गम्भीर है। 10 दमकलों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। यह हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित वर्तिका केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड फेक्ट्री में हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फेक्ट्री में 50 कर्मचारी काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, फेक्ट्री में आग लगने से अंदर धुआं हो गया। इससे एक कर्मचारी बेहोश हो गया और आग में बुरी तरह जल गया। उसे फेक्ट्री के अन्य कर्मचारी पीछे के दरवाजे से निकाल कर प्राइवेट अस्पताल लेकर गए, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाकी झुलसे कर्मचारियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
केमिकल रिएक्शन के कारण हुआ धमाका
तिजारा डीएसपी शिवराज ने बताया- फेक्ट्री में शाम साढ़े बजे करीब आग लगी थी। फेक्ट्री के सामने ही 100 मीटर दूर खुशखेड़ा रीको फायर स्टेशन ऑफिस है। भिवाड़ी और तिजारा से भी दमकलों को बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फेक्ट्री में केमिकल रिएक्शन के कारण धमाके के बाद आग लगने की जानकारी सामने आ रही है। जांच जारी है, इसके बाद ही कुछ बता पाएंगे।
फेक्ट्री चारों तरफ से बंद होने के कारण अंदर धुआं भर गया, जिससे दमकलकर्मी नाइट विजन डिवाइस के साथ पूरी फेक्ट्री में जांच कर रहे हैं। मौके पर खुशखेड़ा ए वीरेंद्र सिंह सहित एडीएम अश्वनी के पंवार, एसडीएम सत्यनारायण मौजूद हैं। घायलों का खुशखेड़ा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
