कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने पुलिस को दी बहुत बड़ी धमकी, कहा-गुर्जर लिखी हुई गाड़ी पकड़ी तो मेरा जूता बात करेगा, धरती में गाड़ दूंगा
एनसीआई@भीलवाड़ा
भीलवाड़ा में वाहनों की नम्बर प्लेट को लेकर जारी कार्रवाई पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर बुरी तरह उखड़े। इतना ही नहीं पुलिस को जोरदार धमकी भी दे डाली। धमकी देते हुए धीरज गुर्जर ने कहा- पुलिस में अगर दम है तो गुर्जर लिखी गाड़ी पकड़े और थाने में डाले। चैलेंज करता हूं, ऐसा किया तो मेरा जूता बात करेगा।
जिले के कोटड़ी गांव में बुधवार को भगवान देवनारायण की शोभायात्रा के बाद सभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने पुलिस को यह धमकी दी। उल्लेखनीय है कि पुलिस अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जिन पर नम्बर प्लेट की जगह जातियां, उपजातियां या फिर नाम लिखे हुए हैं।

अगर मैंने जम्प लगा लिया तो धरती में गाड़ दूंगा
सभा में धीरज गुर्जर ने आगे कहा- ये कोटड़ी, पारोली और आसपास के थानेदार कहते हैं कि जिस मोटर साइकिल के पीछे गुर्जर लिखा हुआ है, उसे थाने में बंद कर दो। उनको मैं चैलेंज कर रहा हूं कि अगर किसी कार्यकर्ता की मोटर साइकिल को हाथ भी लगा लिया तो धीरज गुर्जर का जूता उनसे बात करेगा।
यह लड़ाई मैं इसलिए नहीं लड़ रहा हूं कि लोग कहेंगे कि चुनाव हारने के बाद भी अभी तक ठंडा नहीं हुआ। मैं इनको एक बात कह दूं, धीरज गुर्जर ने चुनाव हारने के बाद एक कदम पीछे लिया है। अगर मैंने जम्प लगा लिया तो धरती में गाड़ दूंगा। इस बात को ध्यान में रखना।
समाज के लोगों ने धीरज गुर्जर से की थी शिकायत
धीरज गुर्जर कोटड़ी-जहाजपुर क्षेत्र में सक्रिय है। बताया जा रहा है कि समाज के कुछ लोगों ने धीरज गुर्जर से शिकायत की थी कि पुलिस गुर्जर लिखी गाड़ियों को टारगेट कर रही है और उन्हें रोका जाता है। जहाजपुर से वर्तमान विधायक बीजेपी के गोपी मीणा हैं। ऐसे में धीरज गुर्जर ने पुलिस को खुला चैलेंज दे दिया।
एसपी ने कहा कार्रवाई जारी रहेगी
वहीं, शाहपुरा एसपी राजेश कांवट ने धीरज गुर्जर के इस चैलेंज पर कहा कि पुलिस मोटर व्हीकल (MV) एक्ट में कार्रवाई करती है। हमें किसी जाति से लेना-देना नहीं है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
