April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: चूहों पर दो दिन की जाएगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, इसलिए आमजन के लिए बंद रहेगा यह ऐतिहासिक स्थल

राजस्थान: चूहों पर दो दिन की जाएगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’,  इसलिए आमजन के लिए बंद रहेगा यह ऐतिहासिक स्थल

जेडीए सचिव निशांत जैन ने बताया कि कीटनाशकों की दुर्गन्ध से आमजन को परेशानी होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए 30 सितम्बर और 1 अक्टूबर को रामनिवास बाग बंद रखा जाएगा।

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान की राजधानी जयपुर के एक हिस्से में चूहों की बढ़ती संख्या से ऐतिहासिक रामनिवास बाग स्थित इमारतों और पेड़-पौधों को भारी नुकसान होने के साथ ही संक्रमण और महामारी फैलने की आशंका पैदा हो गई है। इसके चलते चूहों की रोकथाम के लिए इस पार्क में कीटनाशकों का उपयोग किया जाएगा। इसीलिए पार्क को दो दिन बंद रखने का फैसला लिया गया है।

जेडीए सचिव निशांत जैन ने बताया कि 30 सितम्बर और 1अक्टूबर को रामनिवास बाग में चूहों के नियंत्रण ‌के लिए कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कीटनाशकों की दुर्गन्ध से आमजन को परेशानी होना तय है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए 30 सितम्बर और 1 अक्टूबर को रामनिवास बाग बंद रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां राइजिंग राजस्थान ग्लोबल समिट के तहत कार्यक्रम होना प्रस्तावित है। ऐसे में रिव्यू मीटिंग में जब सौंदर्यीकरण को लेकर चर्चा हुई तो उसके बाद चूहों के बिलों को खत्म करने का फैसला लिया गया।

इसलिए पैदा हुई है समस्या

राइजिंग राजस्थान ग्लोबल समिट के तहत जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान यहां चूहे आयोजन में खलल ना डाल सकें, इसलिए उन्हें यहां से दूर करने की तैयारी की जा रही है। जेडीए प्रशासन यहां दो दिन कीटनाशक डालकर चूहों पर सर्जिकल स्ट्राइक करेगा। रामनिवास बाग में स्थित अल्बर्ट हॉल के सामने पक्षियों को दाना डालने, बाग परिसर में स्थित मंदिर और मजार के आसपास श्रद्धालुओं की ओर से भिखारियों को भोजन कराने, बाग में लगने वाले ठेले खोमचों से खाद्य सामग्री बेचने के कारण यहां बहुत बड़ी संख्या में चूहे पनप गए हैं।

चूंकि रामनिवास बाग बंद रहेगा ऐसे में अल्बर्ट हॉल को बंद करने का भी आदेश जारी किया गया है। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग निदेशक पंकज धरेन्द्र ने बताया कि विभाग को जेडीए की ओर से पत्र लिख सूचित किया गया है कि चूहे नियंत्रण के लिए रामनिवास बाग को 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को बंद रखा जाएगा। चूंकि रामनिवास उद्यान पर्यटकों के लिए बंद रहेगा, इसलिए पर्यटक अल्बर्ट हॉल भी नहीं जा सकेंगे। ऐसे में दो दिन के लिए अल्बर्ट हॉल को भी बंद रखा जाएगा।

रामनिवास बाग का यह है इतिहास

राम निवास बाग जयपुर शहर में स्थित एक उद्यान है, जिसे वर्ष 1868 में जयपुर के महाराजा सवाई राम सिंह ने बनवाया था। यहां एक चिड़ियाघर, पौधाघर, वनस्पति संग्राहलय से युक्त एक हरा भरा विस्तृत बाग व खेल का प्रसिद्ध मैदान भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.