सिर मुंडवा कर वीडियो बना रहे थे 4 युवक, लोगों ने पकड़ कर पीट डाला, पुलिस ने शांतिभंग में पकड़ा
एनसीआई@अजमेर
सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित लोहा खान टेम्पो स्टेंड पर चार युवकों को वीडियो बनाना भारी पड़ गया। लोगों ने इन्हें बिना नम्बर की गाड़ी में बच्चा चोरी करने के शक में पकड़ कर जमकर पिटाई कर दी। चारों को सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वार्ड संख्या 63 के पार्षद राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने इस बारे में बताया-बिना नम्बर की गाड़ी में चार युवक काले कपड़ों में आए थे। उनके सिर मुंडे हुए थे। लोगों ने बताया कि उन्होंने गाड़ी में एक बच्चे को उठाया और उसे लेकर भागने लगे। इस पर स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे एक यूट्यूब चैनल का संचालन करते हैं और उसके लिए ही प्रेंक वीडियो बना रहे थे। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। यह कौन है और बिना नम्बर की गाड़ी लेकर क्यों आए, पुलिस यह जांच कर रही है।
वीडियो बनाकर किया माहौल खराब
वार्ड पार्षद राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उनका वार्ड संवेदनशील है। इस वार्ड में इस तरह की गतिविधि बिना अनुमति नहीं की जानी चाहिए थी। इस तरह का वीडियो बनाना क्षेत्र में माहौल खराब करने जैसा है। लोगों में दहशत भी फैल सकती है। इस तरह के यूट्यूब संचालन करने वाले लोगों को बिना अनुमति वीडियो बनाने पर कार्रवाई की मांग रखी गई है।
शांति भंग में किया गिरफ्तार
सिविल लाइन थाने के एएसआई सुवालाल ने बताया कि चारों युवकों को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है। प्रारम्भिक पूछताछ में पता चला है कि चारों युवक किडनेपिंग का प्रेंक वीडियो बना रहे थे।
