महिला मरीज को लेकर आए युवकों ने नर्सिंग अधिकारी को थप्पड़ जड़ा, भीड़ में से खींचकर पीटा, कपड़े फाड़ डाले
एनसीआई@धौलपुर
महिला को इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर पहुंचे परिजनों ने नर्सिंगकर्मी को जमकर पीटा। उसे थप्पड़ जड़ दिया। मामला जिले के बाड़ी उप जिला अस्पताल का है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इधर, नर्सिंगकर्मियों ने घटना के विरोध में पीएमओ को ज्ञापन दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित नर्सिंग अधिकारी मनोज कुमार मीणा ने बाड़ी कोतवाली में इस मामले की शिकायत दी है। कोतवाली थाना अधिकारी शिवलहरी मीणा ने बताया कि- 28 सितम्बर की रात को नर्सिंग अधिकारी मनोज कुमार मीणा की ड्यूटी महिला वार्ड में थी। रात करीब पौने दस बजे खानपुर गांव निवासी जगनबाई पत्नी जगदीश मीणा को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। महिला के साथ उसके परिवार वाले भी आए थे।
ड्यूटी डॉक्टर को दिखाने के बाद मरीज का इलाज चल रहा था। इसके 30 मिनट बाद मरीज के परिजन मनोज मीणा के पास आए और गाली-गलौज करने लगे। मनोज ने इसका विरोध किया। परिवार वालों में से एक युवक ने मनोज को थप्पड़ जड़ दिया। उसके कपड़े फाड़ दिए और जमकर पीटा। शोर सुनकर अन्य मरीजों के तीमारदार और स्टाफ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।

राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन ने की सुरक्षा की मांग
इस मामले पर राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष उदय सिंह रावत ने कहा- बाड़ी हॉस्पिटल में लगातार मरीजों और स्टाफ के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। मरीजों के मोबाइल चोरी होने के साथ जेब कटी और बाइक चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। अब स्टाफ के साथ भी मारपीट होने लगी है। ऐसे में नर्सिंग एसोसिएशन हॉस्पिटल में 24 घंटे सुरक्षा की मांग करता है। रविवार शाम 4 बजे पीएमओ और कोतवाली थाना अधिकारी को ज्ञापन दिया है।
मरीज को सुबह छुट्टी दे दी गई
अस्पताल के पीएमओ डॉ. हरी किशन मंगल ने बताया- महिला सेमी अनकॉन्शियस (अर्द्धबेहोशी) की स्थिति में थी। सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। वार्ड में मौजूद नर्सिंग अधिकारी ने उसका इलाज किया। इस दौरान परिजनों ने नर्सिंग अधिकारी के साथ मारपीट कर दी। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना दिख रही है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह महिला के स्वास्थ्य में सुधार होने पर गांव के अन्य लोग छुट्टी कराकर ले गए। हॉस्पिटल के डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों ने कोतवाली थाने पहुंच कर एसएचओ से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली थाना अधिकारी शिवलहरी मीणा ने कहा- पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
