एनसीआई@प्रतापगढ़
ब्रेकअप हो जाने के बावजूद पूर्व प्रेमिका के नए प्रेम सम्बन्ध पर ऐतराज जताना नारकोटिक्स विभाग के सब इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। झगड़ा किए जाने से परेशान होकर लड़की ने अपने पूर्व प्रेमी नारकोटिक्स अधिकारी को एक जगह पर बुलाया। फिर उसी की कार में बैठी। बातचीत के दौरान कहासुनी होने लगी तो अपने साथ लाई बोतल को खोल उस पर तेजाब उडे़ल दिया। अधिकारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी युवती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

प्रतापगढ़ एसपी विनीत बंसल ने बताया- नारकोटिक्स विभाग में सब इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह (27) की कार को गुरुवार अपराह्न करीब 3 बजे प्रतापगढ़ निवासी खुशी राव (22) और उसके साथी प्रियांशु टहलकर (23) ने बमोतर गांव के पास रुकवाया। खुशी के बैठ जाने के बाद कार चल पड़ी। थोड़ी दूर बाइक लेकर खड़ा हुआ प्रियांशु कार के पीछे चल पड़ा। इधर, कार में कुछ देर बातचीत के बाद खुशी ने बोतल खोलकर हर्षवर्धन पर तेजाब फेंक दिया। इस पर बुरी तरह घबरा कर हर्षवर्धन ने कार को ब्रेक लगा कर रोका तो पीछे बाइक पर आ रहा प्रियांशु कार से टकरा कर घायल हो गया। इस दौरान कार के पीछे का शीशा भी टूट गया।
अस्पताल में हालत ठीक
इस घटना की जानकारी मिलने पर डिप्टी एसपी और एसएचओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर हर्षवर्धन को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, प्रियांशु को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में ले जाया गया। सब इंस्पेक्टर की हालत अभी ठीक है। उनके चेहरे पर आंख के पास तेजाब के छींटे लगे थे। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तेजाब से झुलसे हर्षवर्धन मध्यप्रदेश के मंदसौर के रहने वाले हैं। उनकी पोस्टिंग प्रतापगढ़ के नारकोटिक्स विभाग में है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंच कर उनसे मामले की जानकारी ली।
एक साल पहले हो गया था ब्रेकअप
इधर, सूत्रों के अनुसार- सब इंस्पेक्टर हर्षवर्धन का खुशी राव के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मगर एक साल पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। अब खुशी, प्रियांशु नामक लड़के से प्रेम करने लगी थी। हर्षवर्धन को यह बात नागवार गुजर रही थी। इस बात को लेकर उनका खुशी के साथ कई बार झगड़ा हो चुका था। खुशी को इस तरह से परेशान करना उसके प्रेमी प्रियांशु को अखर रहा था।
ठिकाने लगाने की थी साजिश
सूत्रों ने बताया- इसके चलते खुशी राव और प्रियांशु ने हर्षवर्धन को ठिकाने लगाने के लिए योजना बनाकर बमोतर गांव के पास बुलाया। हर्षवर्धन कार लेकर बमोतर पहुंचा तो खुशी राव कार में सवार हो गई। बाइक लेकर दूर खड़ा प्रियांशु इनका पीछा करने लगा। हर्षवर्धन और खुशी राव के बीच कार में कहासुनी हुई। अपने साथ लाई बोतल से खुशी ने हर्षवर्धन पर एसिड फेंक दिया। इससे हर्षवर्धन हड़बड़ा गया और चिल्लाने लगा। उसने तुरंत कार को रोक दिया। इस दौरान पीछे आ रहा प्रियांशु बाइक सहित कार से भिड़ गया और जख्मी हो गया।
