बूंदी के अंथड़ा के अरणा माता का मेला बुधवार को अष्टमी पर,भोपा के गाल फोड़ने की रस्म से होगी शुरुआत
• देवलाल गुर्जर
नमाना रोड (बूंदी)।
अंथडा गांव का सुप्रसिद्ध अरणा माता का एक दिवसीय मेला बुधवार को अष्टमी की सुबह गाल फोड़ने की रस्म के साथ शुरू होगा। यह मेला हर छह महीने में एक बार लगता है।
पुजारी मांगीलाल सुमन ने बताया कि इससे पहले मंगलवार, सप्तमी की रात को अरणा माता मंदिर परिसर पर भजन-कीर्तन का प्रोग्राम रखा गया है। बुधवार को अष्टमी की सुबह गांव के पंच-पटेलों के द्वारा मातारानी को पहली पूजा चढ़ाने के बाद भोपे द्वारा गाल फोड़ने की रस्म निभाई जाएगी। इसी के साथ मेले की शुरुआत हो जाएगी। यहां खास बात यह है कि भोपे का गाल सहजता से फूट जाता है तो इस साल फसलें सही रहने का अनुमान लगाया जाएगा। गाल फोड़ने की रस्म के बाद माता के दर्शन शुरू हो जाएंगे। मान्यता के अनुसार अरणा माता के तेल का चढ़ावा चढ़ाया जाता है। इसके अलावा अरणा माता कमेटी की ओर से भोजन- प्रसादी का वितरण किया जाता है।
उल्लेखनीय है कि अरणा माता का मंदिर नमाना रोड, कोटा-बूंदी नेशनल हाईवे से 12 किलोमीटर दूर है। यहां दर्शन करने के लिए बूंदी के अलावा कोटा, झालावाड़, भीलवाड़ा, टोंक आदि जिलों तक से श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।
