April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

हेड कॉन्स्टेबल से मारपीट मामले में नरेश मीणा को मिली जमानत, लोकसभा चुनाव के दौरान कोटा में हुई थी घटना

हेड कॉन्स्टेबल से मारपीट मामले में नरेश मीणा को मिली जमानत, लोकसभा चुनाव के दौरान कोटा में हुई थी घटना

एनसीआई@कोटा

लोकसभा चुनाव के समय कोटा में हेड कॉन्स्टेबल से बदसलूकी और मारपीट करने के मामले में नरेश मीणा को शुक्रवार को अदालत से राहत मिल गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी के बाद उसे जमानत दे दी गई। गौरतलब है कि विधानसभा उप चुनाव के दौरान समरावता गांव में एसडीएम को थप्पड़ मारने के बहुचर्चित मामले में नरेश मीणा अभी टोंक जेल में बंद है।

इस मामले की जानकारी देते हुए एडवोकेट हरीश शर्मा ने बताया कि कोटा कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान प्रहलाद गुंजल सहित 16 नामजद व अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, हेड कॉन्स्टेबल से बदसलूकी व मारपीट का मामला नयापुरा थाने में दर्ज हुआ था। इस मामले में नरेश मीणा की टोंक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई। मीणा ने गुरुवार को अदालत में जमानत अर्जी लगाई थी। जज ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद नरेश मीणा को जमानत दे दी।

यह था मामला

लोकसभा चुनाव के दौरान 24 जून 2024 को स्थानीय सर्किट हाउस और कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया गया था। इस मामले में नयापुरा थाने के हेड कॉन्स्टेबल शेर सिंह ने भीड़ में मौजूद लोगों पर छीनाझपटी और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी। हेड कॉन्स्टेबल की इस शिकायत पर प्रहलाद गुंजल सहित 16 नामजद व अन्य के खिलाफ धारा 143, 332, 353, 504, 506 व 186 के तहत केस दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.