एनसीआई@कोटा
अनंतपुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गुटखा फेक्ट्री में एक मजदूर की उसके साथी मजदूर ने ही नुकीली चीज से वार कर हत्या कर दी। इस वारदात के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि रविवार को शाम 4 बजे करीब कोटा शहर थाना अनंतपुरा में कुंदन कुमार एएसआई को सुधा हॉस्पिटल से फोन पर सूचना मिली कि मनोज (27) पुत्र रामावतार जाति मौर्या, निवासी थुथैया खेड़ा, थाना अतरोली, जिला हरदोई उत्तरप्रदेश को उसका साथी आकाश इलाज के लिए लेकर आया। उसके शरीर पर नुकीले हथियार से मारने के 4-5 घाव हैं। उसे डॉक्टर ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। इस पर कुंदन कुमार सुधा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। वहां स्ट्रेचर पर मनोज का शव पड़ा हुआ था। उसके पास आकाश नामक लड़का खड़ा था।
यह सामने आया घटनाक्रम
आकाश ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह, मृतक मनोज मौर्या, विशाल व 4-5 अन्य लड़के अनंतपुरा में कमरे किराये पर लेकर रहते हैं तथा गुटखा फेक्ट्री में काम करते हैं। रविवार दोपहर 2-3 बजे के बीच में मनोज मौर्या अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान विशाल शराब पीकर आया। उस समय आकाश कमरे में चला गया। उसी समय मनोज के कमरे से चिल्लाने की आवाज आने पर आकाश ने मनोज के कमरे में जाकर देखा तो विशाल उस पर लोहे की नुकीली चीज से वार कर रहा था। मनोज के खून निकल रहा था। उस समय आशीष व पंकज भी वहां पर थे। इसके बाद आकाश मनोज को ऑटो में सुधा हॉस्पिटल लेकर गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मनोज के शव को एमबीएस की मोर्चुरी में रखवा दिया गया।
फिर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस मामले को अनंतपुरा थाने में धारा 103 (1), बीएनएस के तहत दर्ज कर दिलीप सैनी, एएसपी के निर्देशन में मुल्जिम की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मनीष शर्मा, वृताधिकारी, वृत चतुर्थ कोटा शहर के सुपरविजन में भूपेन्द्र सिंह थानाधिकारी थाना अनंतपुरा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। घटना स्थल पर एफएसएल टीम व पुलिस अधीक्षक कार्यालय की एमओबी टीम तथा विशेष टीम को मौके बुलाया गया। घटना स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। आस-पड़ोस के व्यक्तियों से भी जानकारी एकत्रित की गई।
इस तरह पकड़ा गया आरोपी
इसी दौरान भूपेन्द्र सिंह, थानाधिकारी अनंतपुरा के नेतृत्व मे टीम द्वारा आरोपी की तलाश की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी विशाल कुमार (21) पुत्र अनिल कुमार, निवासी अदोरा, जिला उन्नाव, उत्तर प्रदेश, हाल अनंतपुरा को कर्णेश्वर महादेव की रोड से पकड़ लिया गया। थाने में पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो दिन पहले खाने की बात को लेकर मनोज से उसकी लड़ाई हुई थी। तब मनोज ने उसके चेहरे पर घूसा मार दिया था, इसीलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
