बूंदी के ट्रेनिंग काउंसलर आतिश ने नव प्रसूता की जीवन रक्षा के लिए कोटा जाकर किया रक्तदान
एनसीआई@बूंदी
कोटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती नव प्रसूता की जीवन रक्षा के लिए हिंदुस्तान स्काउट गाइड के ट्रेनिंग काउंसलर ने कोटा जाकर रक्तदान कर बेमिसाल सेवा भाव का परिचय दिया।
जिला आयुक्त (मुख्यालय) कृष्ण कांत राठौर ने बताया कि शुक्रवार सुबह सांगोद तहसील की कुराड निवासी नव प्रसूता निक्की कराड़िया के रक्तल्पता (खून की कमी) की समस्या से जूझने की जानकारी मिली थी। नव प्रसूता की रक्त आवश्यकता की जानकारी मिलने के बाद ट्रेनिंग काउंसलर आतिश कुमार वर्मा ने तुरंत कोटा ब्लड बैंक पहुंच कर स्वेच्छिक रक्तदान कर नव प्रसूता और परिजनों को राहत प्रदान की।
गौरतलब है कि ट्रेनिंग काउंसलर आतिश कुमार वर्मा अपने पिताजी को मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा परामर्श के लिए लेकर गए थे। परहित सेवा के भाव से प्रेरित आतिश निरंतर निःस्वार्थ भाव से स्वेच्छिक रक्तदान करते रहे हैं।
आतिश ने सभी को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान, मानव के लिए सबसे बड़ा दान है। इस दिशा में सभी को आगे बढ़ कर स्वेच्छिक रूप से रक्तदान करना चाहिए। इस मौके पर जिला सचिव लोकेश कुमार जैन, जिला ऑर्गेनाइजर गिरधारी लाल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष निधि जैन, सह सचिव पुरुषोतम दाधीच ने भी रक्तदाता वर्मा के कार्य की सराहना करते हुए युवाओं से निरंतर ब्लड बैंकों में रक्त आवश्यकता की पूर्ति के लिए स्वेच्छिक रक्तदान करने और आमजन को जागरुक करने की अपील की।
