राजस्थान: बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत, बरसात के पानी से भरे गड्ढे में डूबे 2 बच्चे, तापमान में गिरावट से गर्मी और उमस से मिली राहत
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में प्री मानसून की बारिश अब जोर पकड़ती जा रही है। सोमवार को कोटा, टोंक, अजमेर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, झालावाड़ सहित कई जिले बारिश से तरबतर हो गए। बूंदी में भी सोमवार तड़के के बाद शाम को भी कुछ देर तेज बौछारें गिरीं। मौसम के इस बदलाव से इन शहरों में लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। बारिश के अलावा बादल छाए रहने से तापमान भी गिर गया।
शुरू में ही बड़ा दर्द दे गया बदलता मौसम

मौसम के इस बदलाव से बिजली गिरने से बारां में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग घायल हो गए। इसके अलावा कोटा में पेड़ पर बिजली गिरने से हुई तेज आवाज से पास की दुकान पर बैठे एक बुजुर्ग अचेत हो गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, मगर यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर राजसमंद में घर के बाहर खेल रहे 2 बच्चों की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई।

इधर, अजमेर में ढाई घंटे में 42.4 एमएम बारिश हुई। इससे कई मुख्य सड़कों पर पानी भर गया। इनमें जीसीए चौराहे के पास सेंट फ्रांसिस अस्पताल के बाहर सड़क पर भरे पानी में कई गाड़ियां फंस गईं। इससे एक परिवार करीब एक घंटे तक यहां अटका रहा। रामनगर में ट्रांसफॉर्मर के बॉक्स में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।

दूसरी ओर, बारिश के बीच कोटा बैराज के 2 गेट 15 मिनट के लिए खोले गए। इस दौरान दोनों गेटों को 2 से 3 फीट तक खोलकर 5 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। यहां बारिश के बाद एयरपोर्ट के सामने वाली सड़क में पानी भर गया। इससे एक ई-रिक्शा चालक को गड्ढे का पता नहीं लगा और रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। यहां सुबह से गर्मी और उमस के बाद अपराह्न तीन बजे बाद से बारिश शुरू हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 20 जून तक प्री-मानसून की बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी 26 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
40 डिग्री से नीचे रहा सभी शहरों का तापमान
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्से उदयपुर, कोटा, अजमेर और जोधपुर संभाग के जिलों में अच्छी बारिश हुई। तेज बारिश के कारण कई शहरों और कस्बों में सड़कों पर पानी भर गया। मौसम में हुए इस बदलाव से राज्य के शहरों में हीटवेव और तपन से भी लोगों को राहत मिली।
आज प्रदेश के सभी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 32 से 39 डिग्री के बीच ही दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 39.2 डिग्री रहा, जबकि सबसे कम गर्मी सिरोही, अलवर और कोटा में रही, जहां अधिकतम तापमान क्रमश: 32.9 और 33 डिग्री दर्ज हुआ।
जयपुर, अजमेर और भरतपुर में बढ़ी उमस
जयपुर में ह्यूमिडिटी का लेवल 75 से ऊपर दर्ज हुआ। अलवर में ह्यूमिडिटी लेवल 95, सीकर में 70, अजमेर में 65 और गंगानगर में 81 पर दर्ज हुआ। इधर जैसलमेर, जोधपुर क्षेत्र में भी बारिश के बाद हल्की धूप निकलने से उमस बढ़ गई। इन जिलों में ह्यूमिडिटी लेवल 80 से ऊपर दर्ज हुआ।
झालावाड़ के बकानी और खानपुर सहित कई इलाकों में सोमवार को दोपहर बाद तेज बारिश हुई।चित्तौड़गढ़ जिले के निकुंभ क्षेत्र में दोपहर में करीब 1 बजे अचानक तेज बारिश हुई। इससे पहले सुबह से ही तेज धूप थी। दोपहर में आसमान में बादल छाए और बारिश होने लगी।
