बूंदी शहर को मिलेगा पहला फ्लाई ओवर, 55.30 करोड़ रुपए से होगा निर्माण, इस व्यस्ततम रोड पर मिलेगी भारी राहत
गेंडोली-कापरेन सड़क के लिए 48.78 करोड़ रुपए स्वीकृत, स्पीकर बिरला के प्रयासों से केन्द्रीय सड़क निधि से मिली स्वीकृति
एनसीआई@बूंदी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से बूंदी शहर को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वह यह कि शहर में यातायात की जटिल समस्या को दूर करने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए यहां पहले फ्लाई ओवर के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 55.30 करोड़ रुपए की स्वीकृति केन्द्रीय सड़क एवं आधारभूत संरचना निधि (CRIF) के तहत हुई है। साथ ही, गेंडोली-कापरेन सड़क के चौड़ाईकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए भी 48.78 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
बूंदी शहर में फ्लाई ओवर स्टेट हाईवे-29 पर कलेक्ट्रेट के आगे बत्ती सर्किल से माटूंदा रोड वाया नैनवां रोड तक बनेगा। 950 मीटर लम्बा और 12 मीटर चौड़ा यह फ्लाई ओवर शहर के व्यस्ततम हिस्सों में जाम से निजात दिलाने में सहायक होगा। इसके साथ ही 400 मीटर लम्बी और 12 मीटर चौड़ी अप्रोच सड़कों का भी निर्माण प्रस्तावित है। इस फ्लाई ओवर के बनने से बूंदी से खटकड़, लाखेरी, नैनवां, रायथल और केशवरायपाटन जैसे इलाकों की ओर जाने वाले यात्रियों को निर्बाध और तेज आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इस फ्लाई ओवर के साथ जिले में एक और महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को भी स्वीकृति मिली है। यह सड़क गेंडोली-झालीजी का बराना-काली तलई-बोर्डा माल-कापरेन मार्ग (MDR 194) के चौड़ाईकरण और सुदृढ़ीकरण से सम्बंधित है। इस मार्ग की कुल लम्बाई 11.70 किलोमीटर है और इसके लिए 48.78 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह सड़क गेंडोली से पीपल्या गांव तक बजरंग घाटी, मंडपुर, सुसाडिया होते हुए जाएगी।
