April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अब राजस्थान में भी नीले ड्रम में पति का शव, गलाने के लिए ऊपर नमक और पत्थर मिले, पत्नी और मकान मालिक का बेटा फरार

अब राजस्थान में भी नीले ड्रम में पति का शव, गलाने के लिए ऊपर नमक और पत्थर मिले, पत्नी और मकान मालिक का बेटा फरार

मकान मालिक की पत्नी किसी काम से छत पर गई तो वहां अचानक तेज बदबू महसूस हुई। पहले तो उसने सोचा कि शायद कोई जानवर मरा होगा, लेकिन जब गंध और तेज हुई तो उसने आसपास तलाश की। तब नजर नीले ड्रम पर पड़ी, जिसके ढक्कन पर पत्थर रखा था। ड्रम खोला गया तो सबके होश उड़ गए। अंदर नमक से ढका शव पड़ा था।

एनसीआई@अलवर

मेरठ के बाद अब राजस्थान में भी नीले ड्रम का खौफनाक मामला सामने आया है। खैरथल-तिजारा में एक मकान की छत से तेज बदबू आने पर लोग चौंक गए। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर जब दरवाजा खोला गया तो छत पर रखा नीला ड्रम देखकर सब सन्न रह गए। ड्रम में एक युवक का शव मिला, जिसे गलाने के लिए नमक डाला गया था और ऊपर भारी पत्थर रख दिया गया था।

शव की पहचान हंसराज उर्फ सूरज (35) निवासी नवादिया नावजपुर, जनपद शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि गला रेतकर उसकी हत्या की गई और शव को ड्रम में बंद कर छुपाया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद से मृतक की पत्नी, तीन बच्चे और मकान मालिक का बेटा लापता है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को मकान मालिक की पत्नी किसी काम से छत पर गई थी। वहां अचानक तेज बदबू महसूस हुई। पहले तो उसने सोचा कि शायद कोई जानवर मरा होगा, लेकिन जब गंध और तेज हुई तो उसने आसपास तलाश की। नजर नीले ड्रम पर पड़ी, जिसके ढक्कन पर पत्थर रखा था। शक गहराया तो मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया। इस पर डीएसपी राजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ड्रम खोला गया तो अंदर का मंजर देख सबके होश उड़ गए। वहां नमक से ढका हुआ एक शव पड़ा था। एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए।

डेढ़ महीने पहले लिया था किराए का मकान

जानकारी के अनुसार, हंसराज किशनगढ़ बास क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। करीब डेढ़ महीने पहले उसने परिवार के साथ आदर्श कॉलोनी में यह मकान किराए पर लिया था। परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे थे। पड़ोसियों का कहना है कि दम्पती अक्सर झगड़ते रहते थे, लेकिन हाल के दिनों में घर में कुछ अजीब हलचल थी। हत्या की वारदात के बाद से ही हंसराज की पत्नी, उसके तीनों बच्चे और मकान मालिक का बेटा जितेन्द्र गायब है। इससे शक और गहराता जा रहा है कि इस हत्याकांड में घरवालों की मिली-भगत हो सकती है।

धारदार हथियार से हत्या का शक

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में लग रहा है कि हंसराज का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया है। हत्या के बाद शव को ड्रम में डालकर ऊपर नमक डाला गया, ताकि यह जल्दी गल जाए और बदबू न फैले। भारी पत्थर रखने का मकसद भी यही रहा होगा कि ड्रम खुल न सके। फिर भी, पड़ोसियों ने पिछले कुछ दिनों से घर से अजीब गंध आने की बात बताई। जब बदबू असहनीय हो गई तभी राज़ खुला। अब बड़ा सवाल यही है कि हत्या कब हुई और ड्रम में शव कितने दिन से पड़ा था।

मकान मालिक का परिवार भी जांच के दायरे में

पुलिस पूछताछ में मकान मालिक की पत्नी मिथलेश ने बताया कि उसका बेटा जितेंद्रब घर पर नहीं है। जितेन्द्र की पत्नी की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी है। वह फिलहाल सिंगिंग (गायकी) करता है। वहीं, मकान मालिक राजेश प्रॉपर्टी डीलर हैं। मिथलेश और उसका 14 वर्षीय पोता घर में मौजूद मिले, लेकिन जितेन्द्र के साथ मृतक की पत्नी-बच्चों का भी गायब होना पुलिस को गम्भीर संदेह की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस अब इनकी तलाश में जुटी है।

इलाके में सनसनी, भीड़ उमड़ी

जैसे ही ड्रम में शव मिलने की खबर फैली, मोहल्ले में सनसनी मच गई। लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी. स्थानीय लोग दबी जुबान से चर्चा कर रहे थे कि हंसराज और उसकी पत्नी के रिश्ते अच्छे नहीं थे। कई बार विवाद होता रहता था। कुछ लोगों का कहना है कि मृतक की पत्नी और मकान मालिक के बेटे के बीच नजदीकियां थीं। इस वजह से यह हत्या हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि अभी इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फिलहाल पुलिस ने हंसराज की हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी पत्नी, बच्चों व मकान मालिक के बेटे की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। एफएसएल और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है, ताकि हत्या के सही समय और तरीके का पता चल सके। डीएसपी राजेन्द्र सिंह ने बताया, “हत्या बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई है। शव को छिपाने के लिए ड्रम का इस्तेमाल और नमक डालना यह दर्शाता है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठाया जाएगा।

नीले ड्रम में शव, मेरठ से अलवर तक खौफ

कुछ समय पहले मेरठ में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां नीले ड्रम से लाश बरामद हुई थी। वहां मुस्कान नामक महिला ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या की थी। शव को नीले ड्रम में रखकर उसके ऊपर सीमेंट का घोल डालकर साहिल और मुस्कान भाग गए थे। हालांकि बाद में दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। अब अलवर में हुए इस खुलासे ने लोगों को दहला दिया है।

इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

• मृतक हंसराज की पत्नी और बच्चे अचानक कहां गायब हो गए?
• मकान मालिक का बेटा जितेन्द्र घटना के बाद से क्यों लापता है?
• क्या हंसराज की हत्या घरेलू कलह का नतीजा है या इसमें कोई और वजह है?
• शव कितने दिन से ड्रम में रखा था और क्या मकान मालिक को इसकी भनक नहीं लगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.