कोटा: बिल्डिंग की 9 वीं मंजिल से गिरने से छात्र की मौत, दो साल से JEE की तैयारी कर रहा था, मां बेसुध
एनसीआई@कोटा
शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र की एक बहु मंजिला इमारत से गिरने से शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे एक कोचिंग छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र ईशान पालीवाल (19) मध्य प्रदेश के भोपाल का रहने वाला था। वह दो साल से यहां एक कोचिंग संस्थान से इंजीनियरिंग की प्रतियोगी परीक्षा JEE की तैयारी कर रहा था।
डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया कि जवाहर नगर थाना क्षेत्र में स्थित रॉयल इम्पिरियल मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में ईशान अपनी मां के साथ रह रहा था। इस बिल्डिंग की नवीं मंजिल से गिरने से घायल हुए ईशान को उसकी मां और पड़ोसी एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे की सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी राम लक्ष्मण ने बताया कि ईशान के पिता भोपाल में इंजीनियर हैं। उन्हें इस घटना की जानकारी दे दी गई है। शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। भोपाल से पिता के आने के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
हादसा या सुसाइड पुलिस कर रही जांच
अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी दिलीप सैनी के साथ डीएसपी व थाना अधिकारी भी इनमें शामिल रहे। एफएसएल की टीम ने भी मौके से आवश्यक सबूत जुटाए।
मां ने जूस और नाश्ता बना कर रखा था तैयार
इस हादसे से ईशान की मां सदमे में हैं। पुलिस की टीम ने जब उनके बयान लेने चाहे तो वह बोलने की हालत में ही नहीं थीं। जिस समय यह हादसा हुआ उन्होंने ईशान के लिए जूस और नाश्ता तैयार कर रखा था। इसी बीच किसी के नीचे गिरने की सूचना मिलने पर ईशान की मां नीचे की ओर दौड़ीं तो वहां उन्हीं के बेटे को खून से सना पाया। यह देख वह बेसुध हो गईं। पड़ोसियों ने उन्हें संभाला और तब वे उनके साथ बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचीं। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरी ओर पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी केमरों के फुटेज खंगाले। बिल्डिंग के बाहरी एंगल, बालकनी और अन्य सम्भावित जगहों की जांच की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और फ्लेट के अंदर की स्थिति भी देखी।
