April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

माता के दर्शन करने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं पर रूई से भरा ट्रक पलटा, 3 की मौत-9 घायल, लोगों ने रूई के नीचे से घायलों को बाहर निकाला, ट्रक और रूई को आग लगा दी

माता के दर्शन करने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं पर रूई से भरा ट्रक पलटा, 3 की मौत-9 घायल, लोगों ने रूई के नीचे से घायलों को बाहर निकाला, ट्रक और रूई को आग लगा दी

एनसीआई@बूंदी

देईखेड़ा थाना क्षेत्र में लाखेरी पापड़ी रेलवे ओव​र​ ब्रिज के पास रविवार दोपहर करीब ढाई बजे पैदल जा रहे लोगों पर रूई से भरा बेकाबू ट्रक पलट गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, वहीं 9 अन्य घायल हो गए। ये सभी 12 लोग चौथ का बरवाड़ा में माता के दर्शन करने पैदल जा रहे थे। चौथ का बरवाड़ा से करीब 55 किलोमीटर दूर कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर यह दुर्घटना हो गई।

हादसे के बाद घायल दर्द से तड़पते रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक के नीचे और रूई के ढेर में दबे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, इस हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक और रूई में आग लगा दी। साथ ही सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन भी किया।

ये हैं मृतक और घायल

घायलों को गम्भीर हालत में कोटा रेफर किया गया। अमरपुरा (बूंदी) निवासी राजाराम (50) पुत्र राधाकिशन और कोटा के सांगोद के करीरिया गांव निवासी कालूलाल की मौके पर मौत हो गई थी। दस घायलों को देईखेड़ा अस्पताल लाया गया। यहां से सभी घायलों को गम्भीर हालत में एमबीएस अस्पताल, कोटा रेफर किया गया। यहां गुहाटा निवासी सांवरा (23) पुत्र किशन लाल केवट ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

गुहाटा निवासी लक्ष्मी (17) पुत्री पप्पू लाल, अमरपुरा निवासी देवलाल (50) पुत्र रतनलाल गुर्जर, गिरिराज (35) पुत्र बलराम और रामकिशन (50) पुत्र रामकुमार व महावीर (35) पुत्र मोडुलाल यहां भर्ती हैं। अमरपुरा निवासी जोधराज (38) पुत्र गोबरीलाल, गिरिराज (30) पुत्र बालचंद, महावीर (52) पुत्र भैरूलाल और ईसरदा निवासी फोरूलाल (40) पुत्र मांगीलाल का भी एमबीएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इससे पूर्व जेसीबी से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीधा करवा कर अलग हटाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही देईखेड़ा थाना अधिकारी धारा सिंह और लाखेरी थाना अधिकारी सुभाष शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी ग्रामीणों के साथ राहत कार्य में हाथ बटाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

आक्रोशित लोगों द्वारा हाईवे पर लगा देने से कोटा-दौसा-लालसोट मेगा हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं थीं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ट्रेफिक को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया।

घायलों से मिलने पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कोटा के एमबीएस अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। साथ ही कोटा रेंज आईजी राजेन्द्र गोयल को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस इंतजाम करने को कहा। उन्होंने प्रशासन से यह भी कहा कि पैदल श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित यात्रा कर सकें।

आईजी ने कहा- हाईवे की टीम के साथ करेंगे जांच 

आईजी राजेन्द्र गोयल ने बताया कि वे खुद नेशनल हाईवे की टीम के साथ मौके पर जाकर जांच करेंगे। यदि तकनीकी खामियां सामने आती हैं तो उन्हें दूर किया जाएगा। साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए मार्ग में 5 से 7 वाहनों की तैनाती जैसे अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.