बूंदी जिला कलक्टर ने ली आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक
एनसीआई@बूंदी
पानी, बिजली और चिकित्सा सम्बंधी आवश्यक सेवाओं की समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विकास, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़कों को मवेशी मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उन स्थानों को चिह्नित करने को कहा, जहां आमतौर पर पशु जमा होते हैं। सड़कों से पकड़े गए पशुओं को गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहली बार पशु छुड़वाने पर छोटे पशु के लिए 1,000 रुपए और बड़े पशु के लिए 2,000 रुपए का जुर्माना देना होगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर छोटे पशु के लिए 2,000 और बड़े पशु के लिए 5,000 रुपए वसूले जाएंगे। यदि कोई पशुपालक तीसरी बार भी अपने पशुओं को सड़क पर छोड़ता है तो पशु को जब्त कर लिया जाएगा और सम्बंधित पशुपालक को ‘मंगला पशु बीमा योजना’ के लाभ से वंचित करने की कार्यवाही की जाएगी।
बूंदी बाईपास ‘फूलों की घाटी’ के रूप में शीघ्र विकसित हो
जिला कलक्टर ने बूंदी बाईपास को ‘फूलों की घाटी’ के रूप में विकसित करने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, आगामी स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी सरकारी विभागों में अपने कार्यालयों की साफ-सफाई और सुव्यवस्थित करने के लिए कार्य योजना बनाकर कार्य करने को कहा।बदलते मौसम को देखते हुए जिला कलक्टर ने चिकित्सा संस्थानों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीने के पानी के नियमित नमूने लिए जाएं। डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा गतिविधियां चलाई जाएं। त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई और आइसक्रीम के सेम्पल लेने के भी निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सफाई को दुरुस्त किया जाए।
अवैध खनन में लिप्त परिवहन वाहनों पर हो कड़ी कार्रवाई
बैठक में जिला कलक्टर ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने और इसमें लिप्त परिवहन वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने डाबी में सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अलावा, शम्भू सागर के गेट की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने आशान्वित ब्लॉक तालेड़ा और केशवरायपाटन में निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘राजउन्नति’ के तहत निर्देशित कार्यों और परियोजनाओं को जल्द पूरा किया जाए और राजकीय भूमि आवंटन के प्रस्ताव शीघ्र बनाए जाएं। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में लगने वाले समय (एवरेज डिस्पोजल टाइम) में कमी लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं और सर्पदंश से मृत व्यक्तियों के आश्रितों को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
सभी राजकीय कार्य ई-फाइलिंग के माध्यम से ही हो
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। पारदर्शिता के लिए सभी राजकीय कार्य ई-फाइलिंग के माध्यम से ही सम्पादित हों। ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत जिले में पौधारोपण के लक्ष्यों को विशेष प्रयास कर हासिल किया जाए। बैठक में जिला कलक्टर ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। इसमें अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद आयुक्त, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील शर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
