एनसीआई@बूंदी
राजकीय सेवा में नव नियुक्त कार्मिकों के उत्साहवर्धन के लिए रविवार, 16 अगस्त को जिला स्तरीय ‘रोजगार उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम नगर परिषद के टाउन हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम का राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव से वर्चुअल जुड़ाव रहेगा। समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों में नई नियुक्ति पाने वाले कार्मिकों का स्वागत कर उन्हें नियुक्ति पत्र और वेलकम किट सौंपे जाएंगे।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस जिला स्तरीय समारोह में कुल 152 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है। इन सभी कार्मिकों को राज्य सरकार द्वारा हाल ही में नियुक्तियां दी गई हैं। इस उत्सव के माध्यम से उनका राजकीय सेवा में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
इन पदों के नव नियुक्त कार्मिकों को मिलेगा सम्मान
संयुक्त निदेशक ने बताया कि रोजगार उत्सव में कुल 152 नव नियुक्त कार्मिक शामिल होंगे। इनमें सर्वाधिक संख्या चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की है। नियुक्त हुए कार्मिकों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 90, आयुष अधिकारी 25, परिचालक 11, पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-तृतीय 8, सहायक आचार्य संस्कृत 4, पब्लिक हेल्थ केयर नर्स 4, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर 2, डेटा एंट्री ऑपरेटर 2, कनिष्ठ सहायक 2 को सम्मानित किया जाएग। इसके अलावा व्याख्याता (उर्दू), अध्यापक लेवल-द्वितीय, प्रयोगशाला सहायक ग्रेड-तृतीय, सोशल वर्कर और लेखा सहायक के 1-1 पदों पर नियुक्त कार्मिक भी इस समारोह में शामिल होंगे।
