एनसीआई@कोटा
खाद्य सुरक्षा दल कोटा ने राखी के पर्व को देखते हुए आज रविवार, 23 अगस्त को जिले में दर्जनभर विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानों की जांच की। इसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा
मानक अधिनियम के तहत मिठाई, बेसन के लड्डू, मावा बर्फी, मिल्क केक , नमकीन, कचोरी, दूध, दही, पनीर एवं घी के 14 नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भिजवा दिया गया है। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान के निर्देशन में, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह , जिला कलक्टर एवं सीएमएचओ डॉ. नरेन्द्र नागर के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई है।
इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई एवं गुणवत्ता सुधारने के लिए भी पाबंद करते हुए गुणवत्ता में सुधार नहीं करने पर fssai एक्ट के तहत नियमानुसार कार्यवाही की चेतावनी दी। विभाग त्योहारी सीजन पर खपत बढ़ने के कारण बाहर से आने वाले मावा व पनीर पर सतत निगरानी रख रहा है।
टीम में ये थे शामिल
दूसरी ओर लिए गए सेम्पल्स की खाद्य प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, चंद्रवीर सिंह जादौन व मोजीलाल कुंभकार शामिल थे।
सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सकेगी
विभाग की ओर से कहा गया है कि, जिले में खाद्य पदार्थों की जांच, सेम्पलिंग और मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिक प्रभावी तरीके से निरंतर जारी है। त्योहारी सीजन में दूध, मावा, मिठाई, तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की जांच पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। विभाग का दावा है कि इससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
