कानपुर में खाद्य सुरक्षा टीमों ने तीन प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 3 हजार 200 समोसे और 21.55 क्विंटल आलू नष्ट कराए। इस कार्रवाई में 2 हजार 384 किलोग्राम मैदा भी जब्त किया गया, जिससे रेलवे केंटिनों को आपूर्ति की जाती थी।
एनसीआई@कानपुर
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने शहर में तीन प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर यहां तैयार किए जा रहे 3 हजार 200 समोसे और वहां रखे 21.55 क्विंटल आलू को फिंकवाया। साथ ही 2 हजार 384 किलो मैदा को सीज भी किया। इन तीनों खाद्य प्रतिष्ठानों से रेलवे की केंटिनों एवं दुकानों पर सप्लाई भेजी जाती है। कार्रवाई के दौरान एक प्रतिष्ठान का मालिक मौके पर बार-बार बुलाए जाने के बाद भी नहीं आया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में गुरुवार को हुई इस कार्रवाई से आसपास के क्षेत्रों के खाद्य प्रतिष्ठानों में भी खलबली मच गई। कई संचालक तो अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर या शटर खींचकर भाग गए।
रेलवे बाजार स्थित प्रतिष्ठान रहे टारगेट पर
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने रेल बाजार में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर यह कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानकों की जांच की। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय सिंह ने बताया कि निर्मल कुमार मिश्र के समोसे निर्माण इकाई से मिर्च-हल्दी पाउडर एवं तैयार समोसे के कुल तीन नमूने लिए गए हैं। 1.50 क्विंटल सड़ा आलू और बिना तले 400 समोसों को नष्ट कराया है।
वहीं, बंटू यादव के समोसे की निर्माण इकाई पर मजदूर खाद्य पदार्थों का निर्माण करते मिले। टीम के मौके पर बार-बार बुलाने पर भी बंटू नहीं आए। इनके प्रतिष्ठान में बिना तले 800 पीस समोसे एवं पांच किग्रा आलू मसाला गंदगी के बीच रखा मिला, जिसे नष्ट कराया गया। बंटू के मौके पर न आने से और खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।
इसी क्रम में हाता नंबर-दो, रेल बाजार स्थित मोहम्मद शोएब की समोसा निर्माण इकाई से मैदा, रिफाइंड, पामोलिन आयल, समोसा मसाला आलू के कुल तीन नमूने लिए गए। परिसर में 2,000 समोसे 20 किग्रा तैयार आलू नष्ट कराया गया। साथ ही 48 बोरियों में भंडारित 2 हजार 384 किलो मैदा को सीज कर दिया गया।
