मुजफ्फरपुर में 17 वर्षीय नाबालिग ने एक युवक पर निकाह का झांसा देकर अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर 70 हजार रुपए वसूलने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, वीडियो डिलीट करने के नाम पर उसे माड़ीपुर के होटल में बुलाकर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ POCSO सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
एनसीआई@पटना
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को निकाह का झांसा दे, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने युवक के खिलाफ उसका अश्लील वीडियो बनाने और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने नामजद पिता-पुत्र के खिलाफ POCSO एक्ट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के मुताबिक, उसकी आरोपी युवक से पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। आरोप है कि इसी पहचान और विश्वास का फायदा उठाकर युवक ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया गया।
पीड़िता का आरोप है कि वीडियो डिलीट करने के नाम पर उससे 70 हजार रुपए लिए गए। उसने रकम दे दी, लेकिन इसके बावजूद वीडियो डिलीट नहीं किया गया। आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी आरोपी ने वीडियो को लेकर उसे परेशान करना जारी रखा। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वीडियो डिलीट करने की बात कहकर आरोपी युवक और उसका पिता उसे माड़ीपुर इलाके के एक होटल में लेकर गए। वहां उस पर गलत काम करने के लिए दबाव बनाया गया।
पिता-पुत्र पर 2 लाख रुपए मांगने का भी आरोप
पीड़िता के मुताबिक, उसने इसका विरोध किया। इसके बाद उस पर अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने का दबाव बनाया गया। शिकायत में आरोपी युवक और उसके पिता पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने व दो लाख रुपए की मांग करने का आरोप भी लगाया गया है। आरोप है कि बाद में फेक आईडी बनाकर वीडियो वायरल करने की कोशिश की गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पक्ष की तरफ से उसे लगातार दबाव में रखने की कोशिश की गई। इसी दौरान उसे माड़ीपुर के एक होटल में बुलाया गया। वहां गलत काम करने के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अश्लील वीडियो कैसे बनाया गया, रकम लेने और वीडियो वायरल करने से जुड़े आरोपों में क्या तथ्य हैं और फेक आईडी से वीडियो वायरल करने के आरोप में कौन-कौन शामिल है। पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की तलाश में छापेमारी कर रही है।
डीएसपी ने यह बताया
टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके की नाबालिग पीड़िता ने एक लड़के के खिलाफ अश्लील वीडियो बनाने, उसे वायरल करने की धमकी देने और दबाव बनाकर गलत काम कराने का आरोप लगाया है। डीएसपी के मुताबिक, इस शिकायत के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि अभी तक की पूछताछ में नाबालिग पीड़िता और आरोपी के बीच पहले से परिचय होने की बात सामने आई है।
