एनसीआई@बूंदी
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देशन में गुरुवार को जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में स्वेच्छिक रक्तदान अभियान की शुरुआत हुई। बूंदी शहर में जिला चिकित्सालय के ब्लड बेंक, रेडक्रॉस सोसायटी एवं पीजी कॉलेज बूंदी में स्वेच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 90 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में आज 4 हजार से अधिक लोगों ने संकल्प पत्र भरकर रक्तदान की इच्छा जताई तथा रक्तदान की शपथ ली। जिला अस्पताल, स्वास्थ्य भवन, पांचों ब्लॉक के चिकित्सा संस्थानों, निजी नर्सिंग महाविद्यालयों एवं पीजी कॉलेज सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी के संकल्प पत्र भरे और शपथ ली।
इनकी थी जिम्मेदारी
शिविर आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी जिला प्रशासन व चिकित्सा विभाग की रही। इसमें विशेष योगदान राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन बीएमएस बूंदी का रहा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) रमेश देव ने सबसे पहले रक्तदान कर अभियान का शुभारम्भ किया। इस दौरान राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ बीएमएस के प्रदेशाध्यक्ष मेघ वाहन सिंह ने रक्तदान कर रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया।
ये अधिकारी व रक्तदाता रहे मौजूद
इस मौके पर पीएमओ डॉ. एलएन मीणा, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. कमलेश शर्मा, डॉ. विकास राठौर, जिला सांख्यिकी अधिकारी सत्यवान शर्मा, राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ बीएमएस बूंदी के जिला उपाध्यक्ष दलजीत सिंह मीणा, गिरिराज बसुवाल, महासंघ के महामंत्री सुदेश गौतम, नर्सेज एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश कुमार मीणा, जिला मंत्री भरत शर्मा, संविदा कार्मिक के जिला अध्यक्ष माधव विजयवर्गीय, नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश प्रतिनिधि नरेन्द्र गौतम, राजेन्द्र शर्मा, राजेश शर्मा, अंकित दाधीच, प्रियंका, कमलेश, मनीषा, प्राची, अनीता एवं किस्मत सहित अन्य कार्मिक एवं रक्तदाता मौजूद रहे।
आगे की ऐसी होगी रूपरेखा
सीएमएचओ डॉ. सामर ने बताया कि अभियान के नोडल एडिशनल सीएमएचओ डॉ. कमलेश शर्मा, जिला अस्पताल से डॉ. विकास राठौर एवं राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन बीएमएस के जिलाध्यक्ष रितेश सोनी थे। डॉ. सामर ने बताया कि जिले के चिकित्सा संस्थानों में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए संकल्प पत्र भरवाने, शपथ दिलाने और जिले में रिकॉर्ड स्तर पर स्वेच्छिक रक्तदान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
