
एनसीआई@बूंदी
जिला प्रशासन एवं नगर परिषद, बूंदी के संयुक्त तत्वावधान में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत गुरुवार को नवल सागर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत 1100 दीप प्रज्वलित कर जनकल्याण का संदेश दिया गया।

अभियान के प्रथम दिन सायं 7 बजे ऐतिहासिक नवल सागर परिसर में एक गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दिया’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तालाब परिसर में आकर्षक रंगोली बनाकर 1100 दीपक जलाए गए, जिससे पूरा नवल सागर तट रोशनी से जगमगा उठा।

कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवाओं के साथ-साथ जिला प्रशासन तथा नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। शहर के साथ ही जिले भर में आमजन ने अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर जन कल्याण का संदेश दिया। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद चारू एवं नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय मौजूद रहे।

