एनसीआई@बूंदी
जलझुलनी एकादशी के पावन अवसर पर 22 सितम्बर को बूंदी के आराध्य भगवान श्री रंगनाथजी भव्य डोल यात्रा के रूप में नगर भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर पूर्व राजपरिवार के सदस्य वंशवर्धन सिंह एवं जिला कलेक्टर हरफूल सिंह पूजा-अर्चना कर डोल यात्रा के शुभारंभ का शंखनाद करेंगे।
श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि वर्षों से चली आ रही धार्मिक एवं पारम्परिक परम्परा के अनुरूप इस वर्ष भी डोल यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। यात्रा को लेकर शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
डोल यात्रा का यह रहेगा मार्ग
राज्य सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा आयोजित यह डोल यात्रा रावला चौक स्थित मंदिर से प्रारम्भ होकर तिलक चौक, सदर बाजार, कागदी देवरा, सेठ का चौक, ऊपरला बाजार व नाहर का चौहटा होते हुए रामबाग पहुंचेगी। रामबाग से वापस यात्रा वापस मंदिर पहुंचेगी।
नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न मंदिरों एवं प्रमुख स्थानों पर भगवान श्री रंगनाथजी की आरती उतारी जाएगी। श्रद्धालु एवं भक्तजन पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत करेंगे तथा श्रीफल, केला, सेब, ककड़ी एवं अन्य पूजन सामग्री भेंट स्वरूप अर्पित कर दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
बड़ी संख्या में उमड़ते हैं श्रद्धालु
डोल यात्रा के दौरान भगवान श्री रंगनाथजी की सवारी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। इस धार्मिक आयोजन के लिए श्री रंगनाथ सेवा समिति एवं देवस्थान विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। बूंदी शहर में इस पारम्परिक धार्मिक आयोजन को लेकर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
