एनसीआई@जयपुर
जयपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 4 दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में 2 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य,दोस्त घायल हो गए। मरने वाले युवकों के 1-1 पैर कट कर ट्रक में लटक गए। बाइक के परखच्चे उड़ गए।
दौलतपुरा थाना पुलिस ने घायलों को एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और ड्राइवर की तलाश कर रही है। थानाधिकारी महावीर यादव ने बताया- हादसे में अनिकेत (18) पुत्र रामकिशोर और प्रवीण (18) पुत्र प्रकाश की मौत हो गई। विकास पुत्र जितेंद्र और शिवम पुत्र बबलू को एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है।

एक ही बाइक पर थे सवार
चारों दोस्त रविवार रात को दौलतपुरा रिंग रोड के पास अनिकेत की बहन के घर गए थे। सुबह उठकर एक ही बाइक से घर जा रहे थे। सुबह करीब 6. 45 बजे दौलतपुरा सर्विस रोड पर खेडवाड़ी पुलिया के नीचे से खेडवाड़ी जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो 2 दोस्त मृत मिले, जबकि 2 गम्भीर हालत में थे। पुलिस ने टोल एम्बुलेंस की मदद से सभी को एसएमएस हॉस्पिटल भेजा। मरने वाले युवकों के 1-1 पैर घुटने से नीचे से कटकर अलग हो गए।

उत्तर प्रदेश के थे मूल निवासी
पुलिस को ट्रक के अगले हिस्से में दोनों कटे हुए पैर लटके मिले। उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले चारों दोस्त परिवार के साथ हरमाड़ा (जयपुर) के माचड़ा में रहते थे और लोहा मंडी में रबर रिंग फेक्ट्री में काम करते थे।
