प्रदर्शनकारियों ने बेरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस ने हजारों लोगों को पकड़ा, युवक का सिर फटा
एनसीआई@नई दिल्ली
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जा रहे पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इससे पहले कॉकरोच चीफ अभिजीत दीपके के साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी मुम्बई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया था। ये सभी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर बुलाए गए पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने यहां पहुंचे थे।

दीपके और उनके साथियों को हिरासत में लेने के लिए जैसे ही पुलिसकर्मी प्लेन में पहुंचे दीपके खड़े हो गए। इन्होंने व इनके साथियों ने पहले तो तानाशाही बताया। इन्कलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। वहीं, दीपके पुलिस से हाथ जोड़कर कहने लगे मैं गिरफ्तार होने आया हूं, गिरफ्तार कर लो। दूसरी ओर इस दौरान प्लेन में सवार अन्य यात्रियों ने इन कॉकरोच नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर खुशी जताते हुए विभिन्न टिप्पणियां कीं।

इसके बाद दीपके ने एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो में कहा कि अब आंदोलन की कमान अजिंक्य शिंदे संभालेंगे। वहीं, जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और मिंटो ब्रिज सहित अलग-अलग इलाकों से अब तक 1,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया जा चुका है। इससे पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम के घर से ही हिरासत में लिया गया।
ममता ने मुंह पर बेंड-एड चिपका लिया
इधर, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने धरने के दौरान जब हिरासत में लिया तो उन्होंने विरोध के तौर पर अपने मुंह पर बेंड-एड चिपका लिया। टीएमसी की फाउंडर अध्यक्ष कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन में समर्थकों के साथ धरने पर बैठी थीं। ममता बनर्जी खेमे की टीएमसी ने अपने एक्स हेंडल पर सीजेपी के प्रदर्शन को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई आरोप लगाए हैं।

बेरिकेडिंग तोड़ी, खदेड़ कर हिरासत में लिया, सिर भी फटा
प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान बेरिकेडिंग भी तोड़ी। पुलिस ने उन्हें खदेड़कर हिरासत में लिया। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी का सिर भी फट गया। इम्तियाज अली मार्ग पर आकाशवाणी भवन के पास प्रदर्शनकारियों ने बेरिकेड पार कर पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। कॉकरोच समर्थक जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस इन्हें हिरासत में ले रही है। वाहनों को रोकने के लिए सड़कों पर कीलें लगाई गई हैं।

250 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें आज रद्द, इंटरनेट बंद
इस क्रम में नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली 250 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें आज रद्द की गई हैं। वहीं, इंडिया गेट के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट बंद रखा गया है। इसके अलावा दिल्ली के सभी प्रमुख स्थानों सहित जंतर-मंतर व इस तक पहुंचने वाले मार्गों पर भारी मात्रा में पुलिस व अन्य सुरक्षा बल कर्मियों को तैनात किया गया है। बसों में भी चेकिंग की जा रही है।
MG रोड पर दिल्ली पुलिस वाहनों और बसों की सघन चेकिंग कर रही है। वहीं, महरौली इलाके में लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।

चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
चुनाव आयोग के मुख्यालय और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अशोक रोड पर बस खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया है। यहां बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
दिल्ली में शराब की दुकानें बंद, नमो भारत के 2 स्टेशन बंद
दिल्ली के आबकारी विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर को रिटेल शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसमें भारतीय, विदेशी और देशी शराब बेचने वाली निर्धारित दुकानें शामिल हैं। मॉल में स्थित कुछ शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी। हालांकि, लाइसेंस प्राप्त रेस्टोरेंट, बार और क्लब में पहले की तरह शराब परोसी जा सकेगी।
दिल्ली के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीनगर (उत्तर प्रदेश) के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार चलती रहेंगी।

यह है मामला
उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और SIR के विरोध में मोदी सरकार और बीजेपी विरोधी पार्टियों के चल रहे आंदोलन के क्रम में कॉकरोच जनता पार्टी ने आज 10 अक्टूबर के दिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा की थी। दिल्ली पुलिस ने 10 की बजाय 3 दिन पूर्व इसके लिए अनुमति मांगने व पूर्व के आचरण को देखते हुए प्रदर्शन की इजाजत देने से इनकार कर दिया था।
